महाकुम्भ बना विश्व एकता का प्रतीक: संगम पर विदेशी श्रद्धालुओं ने गूंजाए जयकारे

टेन न्यूज नेटवर्क

प्रयागराज (13 जनवरी, 2025): महाकुम्भ 2025 इस बार आस्था, संस्कृति और विश्व एकता का अद्वितीय प्रतीक बन गया है। संगम पर देश-विदेश से आए लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान कर दिव्यता और शांति का अनुभव कर रहे हैं। खास बात यह रही कि अमेरिका, रूस, जर्मनी, इटली, ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों के श्रद्धालुओं ने भी संगम में डुबकी लगाई और विदेशी भाषाओं में “जय श्री राम” और “हर हर गंगे” के जयकारों से वातावरण को गूंजा दिया।

जर्मनी की क्रिस्टीना ने गंगा स्नान के बाद इसे आत्मा को शांति देने वाला अनुभव बताया। इक्वाडोर में जन्मीं क्रिस्टीना ने कहा कि महाकुम्भ जैसी भव्यता दुनिया में कहीं और देखने को नहीं मिलती। न्यूयॉर्क के फैशन डिजाइनर कॉबी हेल्परिन ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं को इतने भव्य रूप में देखने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, “यह आयोजन न केवल आध्यात्मिक है बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी प्रेरणादायक है।”

रूस के मिखाइल ने महाकुम्भ को जीवन का सबसे खूबसूरत अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि महाकुम्भ की विशालता और दिव्यता को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। इटली के पाउलो ने अपने 12 सदस्यीय दल के साथ गंगा स्नान कर पुण्य कमाया और आयोजन की व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स ने इसे दुनिया का सबसे भव्य आयोजन बताया और कहा कि यह अनुभव हमेशा उनके दिल में रहेगा।

महाकुम्भ इस बार केवल भारतीय श्रद्धालुओं के लिए नहीं, बल्कि विदेशी भक्तों के लिए भी गहरी आध्यात्मिकता और भारतीय संस्कृति को समझने का बड़ा अवसर बना है। गंगा की पवित्रता, सनातन संस्कृति की दिव्यता और आयोजन की भव्यता ने इसे विश्व एकता और आध्यात्मिकता का प्रतीक बना दिया है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।