सौरभ भारद्वाज समेत तीन AAP नेताओं के खिलाफ FIR, भाजपा अध्यक्ष ने क्या कहा?
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (26 December 2025): दिल्ली की राजनीति में एक नया विवाद सामने आया है, जहां आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, विधायक संजीव झा और आदिल अहमद खान के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है। यह मामला एक वीडियो स्किट से जुड़ा है, जिसे दिल्ली प्रदूषण पर व्यंग्य के रूप में तैयार किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस स्किट में ईसाई समुदाय के धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीक सांता क्लॉज को आपत्तिजनक तरीके से दिखाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, 17 और 18 दिसंबर 2025 को इन AAP नेताओं ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स से एक वीडियो साझा किया था। यह वीडियो दिल्ली के कनॉट प्लेस में किए गए एक राजनीतिक स्किट का हिस्सा था, जिसमें वायु प्रदूषण को लेकर प्रदर्शन दिखाया गया। वीडियो में सांता क्लॉज को मास्क पहने और सड़क पर बेहोश अवस्था में दिखाया गया, जिसे शिकायतकर्ता ने ईसाई समुदाय की धार्मिक भावनाओं के खिलाफ बताया है।
शिकायत में कहा गया है कि सांता क्लॉज, जो ईसाई समुदाय के लिए एक सम्मानित धार्मिक-सांस्कृतिक प्रतीक माने जाते हैं, को वीडियो में महज एक प्रॉप की तरह इस्तेमाल किया गया। स्किट में सांता क्लॉज को सड़क पर गिरते हुए और नकली CPR देते हुए दिखाया गया, जिसे मजाकिया और अपमानजनक करार दिया गया। आरोप है कि इससे सेंट निकोलस और क्रिसमस पर्व की पवित्रता को ठेस पहुंची है।
शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि यह पूरा कृत्य जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण तरीके से किया गया, ताकि धार्मिक प्रतीक का राजनीतिक इस्तेमाल कर ध्यान आकर्षित किया जा सके। धार्मिक आस्था से जुड़े प्रतीकों को इस तरह व्यंग्य और राजनीतिक संदेश के लिए उपयोग करना ईसाई धर्म का अपमान माना गया है। इसी आधार पर दिल्ली पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई थी।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक मंच या सोशल मीडिया पर किसी धार्मिक प्रतीक का मजाक उड़ाना भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 302 के तहत अपराध की श्रेणी में आता है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट तथा अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
FIR दर्ज होने के बाद AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सांता क्लॉज की स्किट पर केस दर्ज किया गया है और यह सोशल मीडिया की ताकत का नतीजा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सोशल मीडिया और प्रदूषण पर उठ रहे सवालों से परेशान है। भारद्वाज ने कहा कि इसी दबाव के कारण AQI और दिल्ली प्रदूषण पर चर्चा हो रही है और सरकार को जवाब देना पड़ रहा है।
AAP नेताओं पर दर्ज FIR को लेकर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद AAP नेता खुद को सुर्खियों में बनाए रखने के लिए जिस स्तर तक गिर चुके हैं, यह एफआईआर उसी का प्रमाण है। सचदेवा ने आरोप लगाया कि इन नेताओं ने धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ करते हुए मसखरी जैसा अशोभनीय कृत्य किया है, जो किसी भी धर्म और समाज के लिए स्वीकार्य नहीं हो सकता।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि ये सभी नेता जनप्रतिनिधि रहे हैं या अभी भी हैं, इसलिए उनसे गंभीरता और जिम्मेदारी की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म, विशेषकर अल्पसंख्यक समुदाय के त्योहार के दौरान उसका मजाक उड़ाना निंदनीय है। सचदेवा ने स्पष्ट किया कि विपक्ष को सरकार के खिलाफ विरोध करने का अधिकार है, लेकिन विरोध का एक संवैधानिक और संवेदनशील तरीका होता है, जिसे आम आदमी पार्टी के नेताओं ने पूरी तरह नजरअंदाज किया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।