ठंड से कांपी राजधानी, IMD का रेड अलर्ट जारी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (23 December 2025): दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते राजधानी में शीत दिवस जैसी स्थिति बनी हुई है। सुबह-शाम गलन भरी ठंड लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर रही है, वहीं दिन में निकलने वाली धूप भी बेअसर साबित हो रही है। ठंडी हवाओं के साथ घना कोहरा राहत के बजाय परेशानी बन गया है, जिससे सड़क और हवाई यातायात पर सीधा असर देखने को मिल रहा है।

मंगलवार सुबह दिल्ली में घने कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया। सेंट्रल, नॉर्थ, साउथ, ईस्ट, वेस्ट और नॉर्थ ईस्ट दिल्ली समेत एनसीआर के कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई। पालम एयरपोर्ट पर दृश्यता घटकर करीब 100 मीटर तक पहुंच गई, जबकि कुछ इलाकों में यह 50 मीटर से भी कम रहने की आशंका जताई गई। कोहरे के कारण सुबह के समय सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और लोगों को दफ्तर पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

ठंड और कोहरे के साथ-साथ प्रदूषण ने भी हालात और बिगाड़ दिए हैं। दिसंबर के आखिरी हफ्ते में भी दिल्लीवासियों को साफ हवा नसीब नहीं हो पा रही है।आज सुबह राजधानी का ओवरऑल एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 414 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। धुंध और स्मॉग की चादर ने चारों ओर दृश्यता कम कर दी है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों की परेशानियां बढ़ गई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हालांकि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट दर्ज की जा सकती है। आज दिन के समय 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं, जिससे ठिठुरन और ज्यादा महसूस होगी। सुबह के समय घना कोहरा बने रहने का अनुमान है।

एनसीआर के नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने वाला है। इन इलाकों में आज बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन ठंडी हवाओं और कोहरे का असर साफ नजर आएगा। 24 दिसंबर को भी मौसम साफ रहने की उम्मीद है, हालांकि सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, जरूरी न हो तो सुबह के समय यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।