यमुना एक्सप्रेसवे पर मौत का तांडव, 13 लोगों की हुई मौत, 70 घायल

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (16/12/2025): घने कोहरे के बीच यमुना एक्सप्रेसवे पर आज सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। थाना बलदेव क्षेत्र के माइलस्टोन 127 के पास एक के बाद एक कई वाहन आपस में टकरा गए। इस भीषण दुर्घटना में 8 बसें और 3 कारें चपेट में आ गईं। टक्कर के तुरंत बाद कुछ बसों में आग भड़क उठी, जिससे भाजपा नेता सहित कम से कम 13 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि करीब 70 यात्री घायल हो गए। मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई शव पूरी तरह जल गए और कुछ के अंग अलग-अलग स्थानों पर मिले। पुलिस ने कटे हुए अंगों को 17 पॉलिथीन बैग में सुरक्षित कर लिया है। अब मृतकों की शिनाख्त डीएनए परीक्षण के जरिए कराई जाएगी।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि एक्सप्रेसवे पर दृश्यता बेहद कम थी। माइलस्टोन 127 के पास अचानक स्लीपर बस को घने कोहरे का सामना करना पड़ा। चालक ने स्थिति भांपते हुए ब्रेक लगाए, जिससे बस की गति अचानक कम हो गई। पीछे से तेज रफ्तार में आ रहीं अन्य बसें और कारें समय रहते नहीं रुक सकीं और एक के बाद एक वाहन टकराते चले गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक एसी बस में तुरंत आग लग गई और यात्रियों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला।

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि उन्हें किसी विस्फोट जैसा एहसास हुआ। हादसे के बाद चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए बसों के शीशे तोड़कर कूदने लगे। कुछ ही मिनटों में बसें आग की लपटों में घिर गईं और देखते ही देखते जलकर खाक हो गईं। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए कई शव बाहर निकाले, लेकिन आग की तीव्रता के कारण सभी को बचाया नहीं जा सका।

हादसे की सूचना एक राहगीर ने पुलिस को दी। पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। 9 थानों की पुलिस और करीब 50 जवानों ने संयुक्त रूप से करीब 6 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। आग पर काबू पाने और घायलों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दुर्घटना के चलते एक्सप्रेसवे पर लगभग 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में धीरे-धीरे खुलवाया गया।

 

घायलों को 11 एम्बुलेंस के जरिए मथुरा जिला अस्पताल और वृंदावन संयुक्त जिला अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

प्रशासन ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी एडीएम प्रशासन अमरेश को सौंपी गई है। जांच में यह भी देखा जाएगा कि कोहरे के बावजूद वाहनों की गति, ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों में कोई चूक तो नहीं हुई। यह हादसा एक बार फिर घने कोहरे में तेज रफ्तार और लापरवाही के खतरों की चेतावनी बनकर सामने आया है, जिसने कई परिवारों को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।