नोट डबल करने के नाम पर ठगी, बिसरख पुलिस ने 6 आरोपियों को दबोचा

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (13/12/2025): पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, कागज की गड्डियों से भरे तीन ट्रॉली बैग, पांच फर्जी आधार कार्ड, एक इंटरनेट डोंगल और ठगी में प्रयुक्त दो महंगी कारें जब्त की हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को पढ़ा-लिखा और प्रोफेशनल बताकर भरोसा जीतते थे। गिरोह में इंजीनियर, बीबीए का छात्र, एमकॉम पास युवक, होटल संचालक और एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट से जुड़ा व्यक्ति तक शामिल हैं।

यह पूरा मामला गाजियाबाद निवासी दीपिका की शिकायत के बाद उजागर हुआ। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके जीजा विशाल अग्रवाल, जो पेशे से डॉक्टर हैं, बीते करीब दस दिनों से सोनू यादव नामक व्यक्ति के संपर्क में थे। सोनू ने रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाया। इसी भरोसे पर दीपिका ने परिचितों से 16.50 लाख रुपये की व्यवस्था की।

चार दिसंबर की शाम दीपिका गौड़ सिटी मॉल पहुंचीं, जहां सोनू यादव अपने एक साथी के साथ मिला। इसके बाद उन्हें सेंटुरियन टेरेस होम्स सोसाइटी के एक फ्लैट में ले जाया गया। वहां पहले से मौजूद दो अन्य युवकों ने रकम लेकर बदले में एक बैग थमा दिया, जिसमें दोगुनी रकम होने का दावा किया गया। जब दीपिका ने ब्लू सफायर मॉल के पास बैग खोला तो सच्चाई सामने आ गई। बैग में ऊपर सिर्फ एक असली नोट रखा था, जबकि बाकी पूरी गड्डियां कागज की थीं। ठगी का एहसास होते ही वह वापस फ्लैट पहुंचीं, लेकिन वहां सभी आरोपी फरार मिलें। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के बाद सेक्टर-16बी के पास से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के चंचल कुमार, इंद्रमणि उर्फ राजा, रितेश, गौरव गुप्ता, जौनपुर के शुभम तिवारी और बस्ती के नवीन सिंह के रूप में हुई है। गिरोह का सरगना सोनू यादव फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पूछताछ में पुलिस को ठगी का चौंकाने वाला तरीका पता चला। आरोपी किराए के फ्लैट में विशेष सेटअप तैयार करते थे। कमरे में एक चौड़ा लकड़ी का तख्त रखा जाता था, जिसके नीचे और दीवार में बने गुप्त छेद के जरिए एक सदस्य छिपा रहता था। सामने मौजूद दो लोग नोट गिनने की मशीन से नकदी गिनकर ग्राहक का ध्यान भटकाते थे। इसी दौरान छिपा हुआ सदस्य असली नोट निकालकर उनकी जगह कागज की गड्डियां रख देता था। अंत में बैग लॉक कर दिया जाता और दो आरोपी ग्राहक को कार में बैठाकर सुनसान जगह पर छोड़ देते थे, जबकि बाकी सदस्य असली रकम लेकर फरार हो जाते थे।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के कई सदस्यों पर पहले से बिहार और उत्तर प्रदेश में धोखाधड़ी, जालसाजी और ठगी के मामले दर्ज हैं। इंद्रमणि और चंचल के खिलाफ गाजियाबाद के विजयनगर थाने में भी केस दर्ज है। पुलिस फरार सरगना की तलाश के साथ-साथ गिरोह के नेटवर्क और अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।