दीपावली के यूनेस्को अमूर्त विरासत सूची में शामिल होने पर क्या बोलीं सीएम रेखा गुप्ता
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (10 December 2025):आज भारतीय संस्कृति की इतिहास में यूनेस्को ने एक नया अध्याय जोड़ दिया है। भारत में मनाई जाने वाली दिवाली जो इन दिनों विश्व पटल पर मनाया जाने लगा है, अब उसे यूनेस्को ने संस्कृति की अमूर्त विरासत में शामिल कर लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह वह ऐतिहासिक क्षण है जब विश्व-पटल पर भारत की सांस्कृतिक धरोहर को सर्वोच्च मान्यता मिली है। उन्होंने कहा कि दीपावली का UNESCO सूची में शामिल होना न केवल भारत की सांस्कृतिक समृद्धि का सम्मान है, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक स्वीकार्यता भी प्रदान करता है।
हजारों वर्ष पुरानी परंपराओं की दिव्यता वैश्विक मंच पर दर्ज
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सनातन परंपराओं की दिव्यता, मानवता और सद्भाव जैसे मूल्यों को अब दुनिया ने औपचारिक रूप से स्वीकार किया है। दीपावली को केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आध्यात्मिक आलोक और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बताते हुए उन्होंने कहा कि इस पर्व के मूल संदेश अंधकार पर प्रकाश, अन्याय पर न्याय और अज्ञान पर ज्ञान की जीत को UNESCO का यह कदम और अधिक वैश्विक पहचान दिलाता है।
दिल्ली सरकार ने निर्णय का किया स्वागत
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार इस उपलब्धि का पूरे हर्ष और गर्व के साथ स्वागत करती है। उनके अनुसार, दीपावली का यह सम्मान भारतीय सांस्कृतिक पहचान को नई ऊर्जा देता है और भारतीय समाज की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक एकता को और मजबूती प्रदान करता है।
‘विकास भी, विरासत भी’ के संकल्प को मिली मजबूती
सीएम रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि UNESCO की यह मान्यता भारत की प्राचीन और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक मंच पर और सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि योग, कुंभ, दुर्गा पूजा और गरबा के बाद दीपावली का शामिल होना भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रमाण है।
भारतीय सांस्कृतिक यात्रा को मिला नया उजाला
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली की यह वैश्विक मान्यता भारत की सांस्कृतिक यात्रा को और उज्ज्वल बनाती है। उन्होंने इसे भारतीय अध्यात्म और संस्कृति की विजय बताते हुए “जय श्री राम, जय हिंद” का उद्घोष किया और कहा कि दुनिया अब दीपावली के प्रकाश, मर्यादा और मानवीय मूल्यों को एक सार्वभौमिक प्रेरणा के रूप में देख रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।