देश में पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान: केंद्र ने 40 प्रतिष्ठित परियोजनाओं को दी मंजूरी
टेन न्यूज नेटवर्क
National News (08 December 2025): देश में पर्यटन अवसंरचना को सुदृढ़ करने और विश्व स्तर पर भारत के प्रतिष्ठित पर्यटन केंद्रों की पहचान बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में बड़ी पहल की है। केंद्र द्वारा शुरू की गई ‘पूंजी निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता (SASCI) वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित पर्यटन केंद्रों का विकास’ योजना के तहत पंजाब सहित 23 राज्यों में कुल 3295.76 करोड़ रुपये की लागत से 40 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं का प्राथमिक उद्देश्य देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों का व्यापक विकास करना, उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग और मार्केटिंग के माध्यम से नई पहचान दिलाना है।
परियोजनाओं की पहचान संबंधित राज्य सरकारों द्वारा भेजे गए प्रस्तावों के आधार पर तय की गई है। स्वीकृत परियोजनाओं को राज्यों द्वारा ही लागू किया जा रहा है और इसके लिए आवश्यक धनराशि वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग द्वारा राज्यों को जारी कर दी गई है। केंद्र ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में एसएएससीआई के तहत और अधिक परियोजनाओं को मंजूरी देने का कोई प्रस्ताव नहीं है, हालांकि राज्यों से प्राप्त प्रस्तावों के अनुरूप पर्यटन मंत्रालय अन्य योजनाओं के तहत सहयोग जारी रखेगा।
पर्यटन मंत्रालय अपनी केंद्रीय योजनाओं स्वदेश दर्शन (SD), स्वदेश दर्शन 2.0 (SD 2.0), चुनौती आधारित गंतव्य विकास (CBDD) और प्रशाद के माध्यम से राज्यों को लगातार वित्तीय सहायता प्रदान कर रहा है। अब तक मंत्रालय ने पंजाब सहित देशभर में एसडी योजना के तहत 5290.33 करोड़ रुपये की 76 परियोजनाएं, एसडी 2.0 के तहत 2208.27 करोड़ रुपये की 53 परियोजनाएं, सीबीडीडी के तहत 648.11 करोड़ रुपये की 36 परियोजनाएं और प्रशाद योजना के अंतर्गत 1726.74 करोड़ रुपये की 54 परियोजनाएं मंजूर की हैं।
इस संबंध में जानकारी केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर के माध्यम से साझा की। सरकार का मानना है कि इन पहलों से देश के पर्यटन अनुभव में व्यापक सुधार होगा और भारत विश्व पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से उभरेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।