गोवा अरपोरा नाइट क्लब हादसा: भीषण आग में 25 की मौत, राष्ट्रपति और पीएम ने जताया दुख

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (07 December 2025): गोवा के नॉर्थ गोवा जिले के अरपोरा स्थित बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में लगी भीषण आग ने 25 लोगों की जान ले ली। इस दर्दनाक हादसे में 4 पर्यटकों और 14 स्टाफ मेंबर की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 7 मृतकों की पहचान अभी बाकी है। घटना में 6 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर डिपार्टमेंट जांच में जुटे हैं तथा कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का शोक संदेश

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस भयावह घटना पर गहरा शोक प्रकट किया। उन्होंने X पर लिखा कि नॉर्थ गोवा में आग की दुखद घटना से मन व्यथित है, जिसमें कई कीमती जानें चली गईं। राष्ट्रपति ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख, मुआवजा राशि का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि यह घटना बेहद पीड़ादायक है। PMO की ओर से घोषणा की गई कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। पीएम ने कहा कि उनकी संवेदनाएं सभी पीड़ित परिवारों के साथ हैं।

मुख्यमंत्री से पीएम की बातचीत

घटना की सूचना मिलने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से फोन पर बातचीत की और स्थिति की जानकारी ली। पीएम ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है और केंद्र सरकार भी जरूरत के अनुसार मदद के लिए तैयार है।

जांच जारी, कारण स्पष्ट नहीं

पुलिस के अनुसार, आग किस वजह से लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। फायर डिपार्टमेंट ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। जांच टीमें घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही हैं और प्रबंधन की भूमिका, सुरक्षा उपायों तथा लापरवाही की भी जांच हो रही है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।