CBSE ने 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए जारी की नई गाइडलाइंस

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (02 December 2025): केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं के प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और आंतरिक मूल्यांकन को लेकर नई और सख्त गाइडलाइंस जारी की हैं। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और स्कूलों द्वारा वेब पोर्टल पर अपलोड किए गए अंक किसी भी स्थिति में बाद में संशोधित नहीं किए जा सकेंगे। इस निर्णय का उद्देश्य मूल्यांकन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को और मजबूत करना है।

SOPs में बड़ा बदलाव: स्कूलों को अधिकतम अंक की जांच के दिए निर्देश

सीबीएसई के कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन डॉ. संयम भारद्वाज ने बताया कि बोर्ड ने इस वर्ष मूल्यांकन प्रणाली में सुधार करते हुए नई स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर्स (SOPs) जारी की हैं। यह सुनिश्चित किया गया है कि सभी स्कूल एक समान प्रक्रिया का पालन करें और किसी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे। उन्होंने कहा कि वेब पोर्टल पर अंक अपलोड करते समय स्कूलों को अधिकतम अंकों की जांच अनिवार्य रूप से करनी होगी, क्योंकि गलत अंक भरने के बाद सुधार का कोई विकल्प उपलब्ध नहीं होगा।

समयसीमा का कड़ाई से पालन अनिवार्य

बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट निर्धारित समयसीमा के अंदर ही पूरे किए जाएं। इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं कम समय में आयोजित की जाएंगी, ऐसे में देरी या लापरवाही से छात्रों को नुकसान का खतरा रहेगा। 17 नवंबर 2025 को जारी मार्क्स डिस्ट्रीब्यूशन सर्कुलर को अनिवार्य रूप से लागू करने का निर्देश भी स्कूलों को दिया गया है। शिक्षक और परीक्षक दोनों को मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी सावधानी और सटीकता के साथ पूरी करनी होगी।

खेल में भाग लेने वाले छात्रों को राहत, बदली जा सकेगी प्रैक्टिकल डेट

बोर्ड ने खेलकूद में हिस्सा लेने वाले छात्रों को राहत देते हुए कहा है कि यदि कोई छात्र राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग ले रहा है और उसकी तिथि प्रैक्टिकल से टकरा रही है, तो स्कूल निर्धारित अवधि के भीतर ऐसे छात्रों का प्रैक्टिकल दूसरी तारीख पर करा सकेंगे। हालांकि, प्रैक्टिकल की समयसीमा नहीं बढ़ाई जाएगी। बोर्ड ने सभी प्रिंसिपल, शिक्षक और स्कूल प्रबंधन से नई SOPs का सख्ती से पालन करने की अपील की है।

1 जनवरी से शुरू होंगी प्रैक्टिकल परीक्षाएं, 14 फरवरी तक होगा मूल्यांकन

CBSE की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कक्षा 10वीं और 12वीं के प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और इंटरनल असेसमेंट की परीक्षाएं 1 जनवरी 2026 से 14 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएंगी। सभी विषयों के कुल 100 अंकों को थ्योरी, प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और इंटरनल असेसमेंट के आधार पर विभाजित किया गया है। बोर्ड का मानना है कि नई गाइडलाइंस से मूल्यांकन प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी और छात्रों के लिए लाभकारी साबित होगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।