National News (26/11/2025): सिख पंथ के नौवें गुरु और ‘हिन्द दी चादर’ गुरु तेग बहादुर महाराज के 350वें शहीदी दिवस पर बुधवार को लखनऊ में भव्य विशेष गुरुमति समागम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु महाराज के अतुलनीय बलिदान को नमन करते हुए कहा कि जैसे हमारा केसरिया ध्वज अडिग खड़ा है, वैसे ही हमारी आस्था और संकल्प भी अटूट रहने चाहिए।
सीएम योगी ने अपने संबोधन की शुरुआत इसी दिन श्री राम मंदिर के शिखर पर फहराए गए भगवा ध्वज के उल्लेख से की। उन्होंने कहा कि वही केसरिया पताका सिख गुरुओं और उनकी पीढ़ियों की महान तपस्या और बलिदानों की प्रतीक है। उन्होंने कहा, गुरु तेग बहादुर महाराज ने धर्म, मानवीय मूल्यों और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उनकी आस्था अडिग थी और हमें भी उसी मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने औरंगजेब के शासनकाल में हुए धार्मिक अत्याचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय तिलक और जनेऊ मिटाने की कोशिश की गई, लेकिन गुरु तेग बहादुर महाराज सत्य और धर्म से कभी नहीं डिगे। मती दास, सती दास और दयाल की शहादत का विशेष रूप से स्मरण करते हुए कहा कि इन तीनों ने असहनीय यातनाओं के बाद भी धर्म नहीं छोड़ा और अमर हो गए।
सीएम योगी ने बताया कि मुगल अत्याचारों से परेशान कश्मीर के पंडित गुरु तेग बहादुर महाराज की शरण में आए थे। उसी समय नौ वर्ष के गुरु गोविंद सिंह महाराज ने अपने पिता को समाज की रक्षा के लिए आगे बढ़ने का साहस दिया। इसके बाद गुरु महाराज ने अत्याचार के विरुद्ध आवाज उठाई और उन्हें बंदी बनाकर दिल्ली ले जाया गया, जहाँ उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस घोषित करने से गुरु गोविंद सिंह महाराज के चारों साहिबजादों की शहादत भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है। यह दिवस आने वाली पीढ़ियों को धर्म और राष्ट्र के लिए त्याग के महत्व का संदेश देता रहेगा।
सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ के ऐतिहासिक गंज गुरुद्वारे में गुरु तेग बहादुर महाराज का आगमन इस शहर के लिए सौभाग्य की बात है। यहाँ आज भी उनकी स्मृतियाँ जीवंत हैं। उन्होंने बताया कि सिख परंपरा और गुरु इतिहास के संरक्षण के लिए उत्तर प्रदेश सरकार तथा केंद्र सरकार निरंतर प्रयासरत हैं। संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री योगी ने संगत से आह्वान किया कि वे गुरु परंपरा, सनातनी विरासत और उन सभी महापुरुषों के प्रति अपनी आस्था मजबूत रखें, जिन्होंने धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। और कहा कि, “आज का दिन केवल श्रद्धांजलि का नहीं, बल्कि प्रेरणा और नए संकल्प का दिन है।”
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।