New Delhi News (25 नवंबर, 2025): कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव देवेश चतुर्वेदी ने सोमवार को आतिथ्य उद्योग से अपील की कि वे किसान उत्पादक संगठनों (FPOs) के साथ सीधे, संरचित और दीर्घकालिक साझेदारियाँ स्थापित करें। FPO–हॉस्पिटैलिटी एंड फ़ार्मर्स बेनिफिट समिट 2025 में संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि होटल उद्योग और किसानों के बीच प्रत्यक्ष खरीद मॉडल किसानों की आय बढ़ाने और होटलों को उच्च गुणवत्ता वाले, लगभग रसायन-मुक्त उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि देश में अब लगभग 40,000 FPO सक्रिय हैं, जिनका उत्पादन होटल उद्योग की ‘क्लीन, सेफ और सस्टेनेबल फूड’ की बढ़ती मांग के साथ स्वाभाविक रूप से मेल खाता है।
चतुर्वेदी ने किसानों के समक्ष मौजूद उलटे मूल्य चक्र की चुनौती को रेखांकित करते हुए कहा कि किसान आज भी खुदरा कीमतों पर इनपुट खरीदते हैं और अपना उत्पादन थोक भाव पर बेचते हैं। इस विसंगति को दूर करने का प्रभावी समाधान प्रत्यक्ष होटल–FPO आपूर्ति श्रृंखला ही है। प्रधानमंत्री द्वारा कृषि–उद्योग सहयोग को सुदृढ़ करने के आह्वान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी साझेदारियाँ बिचौलियों की भूमिका कम करेंगी, सप्लाई चेन को सुरक्षित बनाएंगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के साथ-साथ होटल उद्योग को भी GDP और रोजगार वृद्धि में योगदान देने में सक्षम बनाएंगी। उन्होंने जैविक खेती, GI टैग्ड उत्पादों और उत्तरदायी पर्यटन को बढ़ावा देने की सरकारी पहल का उल्लेख करते हुए कुमारकोम मॉडल को एक सफल उदाहरण बताया।
पर्यटन मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव एवं महानिदेशक सुमन बिल्ला ने कहा कि भारत को होटल–किसान साझेदारी का तेज, संरचित और स्पष्ट मॉडल विकसित करने की आवश्यकता है। इससे पर्यटन-आधारित मूल्य श्रृंखलाएँ मजबूत होंगी और ग्रामीण आजीविका को विशेष बल मिलेगा। फ़ेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशंस ऑफ इंडिया (FHRAI) के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार जायसवाल ने आश्वस्त किया कि होटल उद्योग FPO से प्रत्यक्ष खरीद को लेकर पूरी तरह तैयार है, बशर्ते आपूर्ति निरंतर और गुणवत्ता-सुनिश्चित हो। वहीं HAI के महासचिव एम. पी. बेज़बरूआ ने होटल क्षेत्र को इंफ्रास्ट्रक्चर का दर्जा देने की पुरानी मांग दोहराई।
उद्घाटन सत्र में इंडस्ट्री से जुड़े प्रमुख नेताओं राहूल मकारियस (विंधम होटल्स एंड रिसॉर्ट्स), विश्वप्रीत सिंह चीमा (लेमन ट्री होटल्स) और अंकिता जायसवाल (HRANI एवं UPHRA) ने भी अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन देते हुए FHRAI एवं HRANI की ओर से गरिश ओबरॉय ने मुख्य अतिथि देवेश चतुर्वेदी को नीति-निर्देशन के लिए तथा अतिथि-सम्मान सुमन बिल्ला को पर्यटन क्षेत्र की प्रतिबद्धता को मजबूत करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कृषि मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव मनिंदर कौर दिवेदी का विशेष आभार व्यक्त किया, जिनकी रणनीतिक मार्गदर्शन और समन्वयकारी भूमिका ने समिट की अवधारणा और आयोजन को साकार बनाया। उन्होंने HAI के महासचिव बेज़बरूआ, सरोवर होटल्स के एमडी अजय बकाया, लेमन ट्री होटल्स के अध्यक्ष चीमा और विंधम के मार्केट मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल मकारियस के योगदान की भी सराहना की।
सम्मेलन में आयोजित तकनीकी सत्र जिसका संचालन फूड राइटर सौरिश भट्टाचार्य ने किया ने राष्ट्रीय स्तर पर ‘फार्म टू हॉस्पिटैलिटी सप्लाई चेन’ को लागू करने के लिए एक स्पष्ट परिचालन खाका प्रस्तुत किया। इस सत्र में आशा सोता (कृषि मंत्रालय), विजय प्रताप सिंह आदित्य (एकोन ग्रुप), किर्ति प्रसन्न मिश्रा (इकोसिएट कंसल्टेंट्स), अश्वनी कुमार गोयला (रैडिसन होटल ग्रुप), मीना भाटिया (ले मेरिडियन), शेफ दविंदर कुमार और शेफ राकेश सेठी ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। यह रूपरेखा किसानों को होटल उद्योग से जोड़ने के लिए भारत के पहले बहु-हितधारक राष्ट्रीय मॉडल के रूप में उभरी है।
समिट की प्रमुख आकर्षण FHRAI द्वारा आयोजित विशेष प्रदर्शनी रही, जिसमें 17 राज्यों के 50 FPO ने अपने क्षेत्रीय और GI-टैग्ड उत्पाद जैसे येलो टी, कश्मीरी ममरा बादाम, हिमालयी केसर, मखाना, काला हल्दी, वन शहद, कतरनी चावल और कंधमाल हल्दी प्रदर्शित किए। प्रदर्शनी ने भारत की कृषि विविधता को सामने लाने के साथ-साथ FPOs को संस्थागत बाज़ार की आवश्यकताओं को समझने का बड़ा मंच प्रदान किया।
यह समिट होटल उद्योग और किसानों के बीच एक मजबूत, दीर्घकालिक और संरचित साझेदारी की दिशा में भारत के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।