वाहनों के ट्रायल के लिए खुली भंगेल एलिवेटेड रोड, ट्रैफिक दबाव कम होने की उम्मीद
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (21/11/2025): लंबे इंतजार के बाद भंगेल एलिवेटेड रोड को सोमवार को वाहन संचालन के ट्रायल के लिए खोल दिया गया। उद्घाटन के साथ ही इंजीनियरों की तकनीकी टीम ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा और निर्माण से संबंधित संभावित कमियों की बारीकी से जांच की। अधिकारियों का कहना है कि ट्रैफिक प्लान जल्द ही अंतिम रूप लेकर पुलिस विभाग को सौंपा जाएगा, जिसके बाद इसे पूर्ण रूप से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, एलिवेटेड रोड पर सुरक्षा दृष्टि से प्रारंभिक स्पीड लिमिट 60 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि लगातार निगरानी बनी रहे। साथ ही दोनों तरफ नॉइस बैरियर लगाने की तैयारी चल रही है, जिससे आसपास के रिहायशी क्षेत्रों में ध्वनि प्रदूषण न पहुंचे।
दादरी–सूरजपुर–छलेरा (डीएससी) मार्ग पर बने इस एलिवेटेड के शुरू होने से नोएडा से ग्रेटर नोएडा और आगे सूरजपुर की ओर सफर काफी आसान माना जा रहा है। फिलहाल जानकारी सीमित होने के कारण ट्रैफिक कम है, लेकिन आने वाले दिनों में एक्सप्रेसवे से ग्रेटर नोएडा की तरफ जाने वाले वाहन इस मार्ग का उपयोग करने लगेंगे। इससे एक्सप्रेसवे पर दबाव काफी हद तक कम होने की संभावना है।
अगाहपुर से एलिवेटेड पर चढ़कर सेक्टर-82 पर उतरने के बाद स्थित नाले की पुलिया को चौड़ा किया जाएगा। सिंचाई विभाग इस कार्य को पूरा करेगा, जिस पर लगभग 5 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
परियोजना के उप महाप्रबंधक विजय रावल ने बताया कि मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. लोकेश एम के निर्देश पर 4.50 किलोमीटर लंबी छह-लेन की इस एलिवेटेड रोड को ट्रायल के लिए खोला गया है। निर्माण पर लगभग 608.08 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। जुलाई 2023 में कुछ समय के लिए निर्माण की गति धीमी पड़ी थी, लेकिन बाद में कार्य तेजी से आगे बढ़ाया गया और इसे पूरा कर लिया गया।
एलिवेटेड रोड को सहज बनाने के लिए सेक्टर-49–107 चौराहे पर दोनों ओर दो-दो लूप निर्माण प्रस्तावित हैं। सेक्टर-37 से सेवन एक्स सेक्टरों की ओर जाने वाले वाहनों के लिए हनुमान मूर्ति के निकट उतरने की सुविधा विकसित होगी। वहीं, सेवन एक्स से फेज-2 और सूरजपुर की दिशा में जाने वालों के लिए चढ़ने का लूप तैयार किया जाएगा। इसके अलावा सेक्टर-107 की ओर आवाजाही के लिए भी अलग लूप बनाए जाने की योजना है। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने उम्मीद जताई है कि यह एलिवेटेड रोड नोएडा–ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में यातायात सुधार की दिशा में बड़ा बदलाव साबित होगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।