जनकपुरी में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण: शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (19 November 2025): दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने बुधवार को जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र के महावीर एनक्लेव पार्ट-3, सोलंकी चौक और पंखा रोड का दौरा कर साफ-सफाई तथा कूड़ा प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान दिल्ली नगर निगम, पीडब्ल्यूडी सहित कई विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। स्थानीय निवासियों ने कूड़ा घर, कूड़ा उठान और सफाई व्यवस्था से जुड़ी गंभीर समस्याओं से अवगत कराया।
दौरे के दौरान महावीर एनक्लेव पार्ट-3 के निवासियों ने बताया कि इलाके में केवल एक कूड़ा घर है, जहां कई वार्डों का कूड़ा डाला जाता है। अधिक कूड़ा आने के कारण ढलाव पर गंदगी फैल जाती है और आसपास की सड़कें भी ठीक से साफ नहीं हो पातीं। कूड़े का सही से सेग्रीगेशन भी नहीं किया जा रहा है। कुछ घरों के ठीक सामने कूड़ा घर का गेट होने से भी लोग परेशान हैं। इस पर मंत्री आशीष सूद ने कूड़ा घर का मुख्य गेट बंद कर दूसरी दिशा वाटर पंप वाली रोड से खोलने के निर्देश दिए। साथ ही डीसी (नजफगढ़) और डीसी (वेस्ट) को मिलकर कूड़े का कुछ हिस्सा राजापुरी भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा, ताकि अत्यधिक भार से यहां की स्थिति न बिगड़े।

निवासियों ने यह भी शिकायत की कि एमसीडी कर्मचारियों की मिलीभगत से कुछ प्राइवेट रिक्शा चालक भी यहां कूड़ा डालते हैं। मंत्री ने अधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया कि कूड़ा घर के साथ वाली खाली जगह को मिलाकर इसका विस्तार करने की योजना तुरंत तैयार की जाए। कई गलियों में कूड़ा गाड़ी न जाने की शिकायत पर उन्होंने एमसीडी के सफाई निरीक्षक को चेतावनी देते हुए कहा कि हर गली में कूड़े की गाड़ी नियमित रूप से पहुंचे, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निवासियों से कहा कि वे प्रतिदिन अपनी गली में कूड़ा गाड़ी के आने का रिकॉर्ड चार्ट बनाकर रखें और हर महीने उसे उन्हें व्हाट्सएप पर भेजें, ताकि पूरी प्रक्रिया की कड़ी मॉनिटरिंग हो सके और भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जा सके।
निरीक्षण के दौरान पंखा रोड पर एक स्थान पर पड़ा बिल्डिंग मलबा भी पाया गया, जिससे डस्ट पॉल्यूशन और अतिक्रमण की स्थिति बन रही थी। इस पर आशीष सूद ने पीडब्ल्यूडी के AE और JE को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल मलबा हटाकर उसे C&D वेस्ट प्लांट भिजवाने तथा आगे ऐसी स्थिति न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई के आदेश भी जारी किए।

सोलंकी पुल पर मंत्री आशीष सूद ने फुटपाथ और सड़क की स्थिति का भी निरीक्षण किया, जहां जगह-जगह कूड़े के ढेर और टूटा फुटपाथ मिला। इस पर उन्होंने एमसीडी और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को तुरंत कूड़ा हटाने और फुटपाथ की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बीते 10 वर्षों से क्षेत्र में आप पार्टी के विधायक और पार्षद होने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार के कार्यकाल में कूड़ा माफिया और ठेकेदारों की सांठगांठ से दिल्ली की कूड़ा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। मंत्री आशीष सूद ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में अब पूरी व्यवस्था को बदलकर दिल्ली को स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

आशीष सूद ने स्थानीय निवासियों को आश्वस्त किया कि सभी कमियों को जल्द से जल्द दूर किया जाएगा और जनकपुरी को दिल्ली का सबसे सुंदर, साफ-सुथरा क्षेत्र बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।