Bihar News (16 November 2025): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणामों में मिली करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के भीतर घमासान और अधिक तेज हो गया है। पार्टी के भीतर जहां रणनीति और नेतृत्व को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, वहीं लालू प्रसाद यादव के परिवार में भी उथल-पुथल सामने आ रही है। चुनाव से पहले तेज प्रताप यादव ने पार्टी और परिवार से अलग होने का फैसला लेकर हलचल मचा दी थी, और अब परिणाम आने के बाद लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी राजनीति और अपने परिवार दोनों से संबंध तोड़ने का ऐलान कर दिया है।
रोहिणी आचार्य ने 15 और 16 नवंबर को लगातार कई ट्वीट करते हुए अपने परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें राजनीतिक और पारिवारिक रूप से अलग-थलग किया गया। रोहिणी ने अपने ट्वीट में यह भी कहा कि RJD में आंतरिक कलह ने स्थिति को और बिगाड़ दिया, और कई नेताओं तथा परिवार के सदस्यों ने उनके खिलाफ माहौल बनाने का काम किया। उन्होंने अपने निर्णय को दुखद लेकिन मजबूरी भरा बताया।
पहले ट्वीट में रोहिणी ने लिखा, “I’m quitting politics and I’m disowning my family… This is what Sanjay Yadav and Rameez had asked me to do… nd I’m taking all the blame’s.” इस ट्वीट के बाद सियासी गलियारों में हलचल मच गई, क्योंकि इसमें उन्होंने सीधे-सीधे संजय यादव और रमीज पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें राजनीति छोड़ने और परिवार से दूरी बनाने के लिए मजबूर किया गया। उनका यह संदेश RJD की अंदरूनी राजनीति की ओर इशारा करता है।
16 नवंबर को किए दूसरे ट्वीट में रोहिणी ने भावनात्मक आरोप लगाए और लिखा कि उन्हें एक बेटी, बहन, मां और पत्नी होने के बावजूद “जलील” किया गया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें गंदी गालियां दी गईं, मारने के लिए चप्पल उठाई गई, और उनके आत्मसम्मान को कुचला गया। रोहिणी के अनुसार, उन्हें अपने मायके से जबरन दूर किया गया और परिवार से दूर होकर खुद को “अनाथ” महसूस करने पर मजबूर किया गया।
तीसरे ट्वीट में रोहिणी ने आरोप लगाया कि उन्हें गालियां देकर उनके पिता को दी गई किडनी पर भी सवाल उठाए गए। उन्होंने लिखा कि उन पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने किडनी “टिकट और पैसे के बदले” दी। रोहिणी ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने पिता को बचाने के लिए अपने पति और बच्चों से अनुमति लिए बिना किडनी दी, लेकिन परिवार ने उसी त्याग को “गंदा” कहा। अपने संदेश में उन्होंने बेटियों और बहनों से आग्रह किया कि वे अपने परिवार से ऊपर अपने जीवन और भविष्य को प्राथमिकता दें।
रोहिणी ने अपने ऊपर लगाए गए गंभीर आरोपों से मजबूर होकर कहा कि “मैं सभी बेटी बहन जो शादीशुदा है, उनसे आग्रह करुंगी कि जब आपके मायके में कोई बेटा या भाई हो तो भूल कर भी अपने भगवान रूपी पिता को नहीं बचाए। अपने भाई, उस घर के बेटे को ही बोले कि वह अपने किसी हरियाणवी दोस्त की किडनी लगवा दे।” उनका हरियाणवी से आशय संजय यादव की तरफ इशारा करना था। रोहिणी ने कहा कि “मैं बिना अपने परिवार की अनुमति लिए और बिना सोचे अपनी किडनी अपने पिता को दे दी, जिसे आज गंदा बता दिया गया। तो मैं अपने अन्य बहनों से यही कहूंगी कि आप सब मेरे जैसी गलती कभी ना करें और किसी भी घर में रोहिणी जैसी बेटी पैदा ना हो।”
रोहिणी के इन गंभीर और संवेदनशील आरोपों ने RJD परिवार में मचे घमासान को नई दिशा दे दी है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि रोहिणी और तेज प्रताप की नाराज़गी पार्टी के आंतरिक ढांचे और नेतृत्व शैली पर सीधा सवाल है। RJD की हार के बाद पैदा हुआ यह संकट न सिर्फ पार्टी की भविष्य की रणनीति को प्रभावित करेगा बल्कि लालू परिवार की एकता पर भी बड़ा असर डाल सकता है। फिलहाल RJD की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं सामने आई है, लेकिन बिहार की राजनीति में यह मामला बड़ी हलचल पैदा कर चुका है।
आपको बता दें कि संजय यादव और रमीज दोनों तेजस्वी यादव के स्कूली दिनों के दोस्त बताए जाते हैं। संजय यादव राष्ट्रीय जनता दल यूनाइटेड के राजनीतिक रणनीतिकार माने जाते हैं। रोहिणी आचार्य के तीन ट्वीट से यह अंदेशा जताया जा रहा है कि इन्हीं दोनों के कहने पर तेजस्वी यादव की बातों से मजबूर होकर रोहिणी आचार्य ने राजनीति तथा अपने माता-पिता से अलग होने का फैसला लिया है। हालांकि राष्ट्रीय जनता दल यूनाइटेड की तरफ से अभी इस पर कुछ भी आधिकारिक बयान नहीं आया है। ना ही परिवार के किसी सदस्य ने इस पर कुछ बोला है।
वही विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी और परिवार से अलग हुए तेज प्रताप यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हमारी बहन ने जो सराहनीय कार्य किया है उसका इतिहास में सदैव नाम लिया जाएगा और पूजनीय काम माना जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल सत्य है कि रोहिणी ने पिता को किडनी दान दी है। यह इतिहास के सुनहरे अक्षरों में लिखा जाने वाला कार्य है। मीडिया द्वारा पूछे जाने पर की उन पर चप्पल उछाला गया तो तेज प्रताप यादव ने कहा कि हमारी बहन के साथ जो ऐसा घृणित कार्य करेगा उसके ऊपर श्री कृष्ण का सुदर्शन चक्र आने वाले समय में जरुर चलेगा।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।