इननोवेटिव क्रिकेट प्रीमियर लीग (ICPL) 2025 का रोमांचक फाइनल मुकाबला सम्पन्न
इननोवेटिव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज द्वारा आयोजित इननोवेटिव क्रिकेट प्रीमियर लीग (ICPL) 2025 का रोमांचक फाइनल मुकाबला आज सम्पन्न हुआ। फाइनल मैच इनोवेटिव वॉरियर्स और गलगोटिया टीम के बीच खेला गया। टॉस इनोवेटिव वॉरियर्स ने जीता और पहले बल्लेबाज़ी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 8 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर कुल 81 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। जवाब में गलगोटिया टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 गेंद शेष रहते 5 विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया और ICPL 2025 की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
मैच के दौरान दोनों टीमों ने बेहतरीन खेलभावना और संघर्ष का परिचय दिया। इनोवेटिव वॉरियर्स के कप्तान असज़द ने कहा कि “जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, महत्वपूर्ण यह है कि खिलाड़ी पूरी निष्ठा से खेलें।” वहीं गलगोटिया टीम के कप्तान अभिषेक त्रिपाठी ने अपनी पूरी टीम का धन्यवाद देते हुए इनोवेटिव कॉलेज की सराहना की और कहा कि “तीन दिनों तक चला यह आयोजन बेहद शानदार और अनुशासित रहा।”
फाइनल में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार युवराज को दिया गया, जिन्होंने मैच के अंतिम क्षणों में लगातार 5 गेंदों पर 5 विकेट लेकर खेल का रुख ही बदल दिया और अपनी टीम गलगोटिया को जीत दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई।
पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता टीम को ₹10000 नगद, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए, जबकि सेकंड रनर-अप टीम को भी प्रोत्साहन पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रबंधन की ओर से चेयरमैन के. आर. शर्मा, अकादमिक डायरेक्टर तितिक्षा शर्मा, सीईओ देवाशीष गौर एवं उषा शर्मा उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में रेजिस्ट्रार अंजनी झा, लॉ विभाग की प्रिंसिपल, फार्मेसी प्रिंसिपल और IIET प्रिंसिपल की विशेष उपस्थिति रही। एडमिशन डायरेक्टर डॉ. एस. एन. मिश्रा ने कहा कि इनोवेटिव ग्रुप सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अग्रसर रहा है और इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ छात्रों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं। 16 टीमों की भागीदारी के साथ आयोजित यह लीग छात्रों के लिए ऊर्जा, जोश और प्रतिस्पर्धा से भरा एक उत्कृष्ट और प्रेरणादायक आयोजन साबित हुआ।
टिप्पणियाँ बंद हैं।