भारत को अधिक मेडल दिलाने हैं तो बच्चों को स्कूल स्तर से ही खेलों से जोड़ना होगा: पहलवान साक्षी मलिक | St. Joseph’s School

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (15/11/2025): सेंट जोसेफ स्कूल (St.Joseph’s School), ग्रेटर नोएडा में शनिवार, 15 नवंबर 2025 को वार्षिक खेल दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अजय कुमार (IPS), अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, गौतमबुद्ध नगर, तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में ओलंपिक पदक विजेता, पद्मश्री एवं खेल रत्न सम्मानित भारतीय पहलवान साक्षी मलिक शामिल हुईं। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य फादर जिप्सन पलट्टी और मैनेजर फादर एंड्रयू कोरेला द्वारा किया गया। कक्षा 3 से 12 तक के छात्रों ने विभिन्न एथलेटिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने कौशल का प्रदर्शन किया।

साक्षी मलिक ने दिया प्रेरणादायक संदेश

समारोह के दौरान छात्रों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए साक्षी मलिक ने कहा कि, यदि भारत को अंतरराष्ट्रीय खेलों में अधिक मेडल दिलाने हैं, तो बच्चों को स्कूल स्तर से ही खेलों से जोड़ना होगा। उन्होंने कहा, मैं भी स्कूल से ही खेलों से जुड़ी। छोटी-छोटी रेस और गतिविधियों में जब मुझे मेडल मिलता था, तो मन में खुशी और आत्मविश्वास बढ़ता था। यही छोटी जीतें आगे चलकर बड़े सपनों को जन्म देती हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें ओलंपिक तक पहुंचने में 12 साल की कड़ी मेहनत, संघर्ष और अनुशासन का सामना करना पड़ा।

अभिभावकों को दिया महत्वपूर्ण संदेश

साक्षी मलिक ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा, अच्छी चीजों को समय लगता है। अगर आपका बच्चा शुरुआत में अच्छे परिणाम नहीं दे रहा, तो उसे खेल से मत हटाइए, बच्चों पर विश्वास रखिए, सपोर्ट करिए। मेरा परिवार मेरे साथ दीवार की तरह खड़ा रहा, तभी मैं आज यहां हूं। उन्होंने यह भी कहा कि रिश्तेदारों और समाज के कई लोग उनके खेल करियर पर सवाल उठाते थे, लेकिन परिवार ने उनका साथ नहीं छोड़ा।

स्कूल में खेल गतिविधियों की आवश्यकता पर जोर

ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक ने कहा, अगर स्कूलों में खेलों को महत्व दिया जाए और सभी बच्चों को खेल का एक्सपोज़र मिले, तो वे अपनी प्रतिभा को पहचान पाएंगे। यहीं से वह रास्ता शुरू होता है जो किसी खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाता है। उन्होंने स्टेज पर उपस्थित स्टाफ, प्राचार्य और आयोजन टीम की भी प्रशंसा की कि उन्होंने खेल दिवस को बेहद अनुशासित और प्रभावी ढंग से आयोजित किया।

टेन न्यूज से विशेष बातचीत

टेन न्यूज से विशेष बातचीत में साक्षी मलिक ने कहा, मैं हमेशा ऐसे आयोजनों में आकर उत्साहित रहती हूं। यहां के बच्चों में जो ऊर्जा और उत्साह देखा, वह प्रशंसनीय है। सभी स्कूलों को चाहिए कि वे खेलों को अपने वार्षिक पाठ्यक्रम का अहम हिस्सा बनाएं।उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए स्कूलों और अभिभावकों की संयुक्त भूमिका आवश्यक है।

संघर्षरत खिलाड़ियों के लिए संदेश

हरियाणा के छोटे से गांव से निकलकर देश को ओलंपिक में पदक दिलाने वाली साक्षी मलिक ने युवा खिलाड़ियों से कहा, अपना लक्ष्य तय करें, मेहनत करें और अनुशासन बनाए रखें। हां, हार मिल सकती है, लेकिन कभी हताश न हों। हर दिन एक नई शुरुआत है। मेहनत आपको मंज़िल तक जरूर ले जाएगी।

खेल दिवस में दौड़, लंबी कूद, रिले रेस, योग प्रदर्शन, सांस्कृतिक नृत्य और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए साक्षी मलिक ने विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए।

Annual Sports Meet | St. Joseph’s School, Greater NOIDA | Photo Highlights


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।