New Delhi News (13 नवंबर 2025): दिल्ली में भाजपा सरकार द्वारा 200 से अधिक मोहल्ला क्लीनिकों पर ताले लगाए जाने के बाद राजनीतिक संग्राम तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस कदम को गरीब विरोधी बताते हुए कड़ी निंदा की है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक कुलदीप कुमार ने भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी और जनविरोधी रवैये का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान जनता से वादा किया था कि वह आम आदमी पार्टी सरकार की किसी भी जनहितकारी योजना को बंद नहीं करेगी, लेकिन सत्ता में आने के नौ महीने बाद ही उसने जनता को मुफ्त इलाज से वंचित कर दिया।
कुलदीप कुमार ने गुरुवार को “आप” मुख्यालय में मोहल्ला क्लीनिकों से निकाले गए डॉक्टरों और स्टाफ के साथ प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ कहे जाने वाले मोहल्ला क्लीनिक मॉडल को भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया है। यह वही मॉडल है जिसकी तारीफ देश-विदेश में की गई थी और कई राज्यों ने इसे अपनाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सत्ता में आने के बाद क्लीनिकों को बंद न करने और किसी कर्मचारी को नौकरी से न निकालने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब भाजपा सरकार ने न केवल डॉक्टरों और फार्मेसिस्ट को हटाया बल्कि क्लीनिकों के दरवाजे तक बंद कर दिए।
विधायक कुलदीप कुमार ने एक सरकारी ईमेल दिखाते हुए कहा कि सरकार ने डॉक्टरों का अनुबंध 12 नवंबर 2025 को समाप्त कर दिया है और उसका विस्तार नहीं किया गया। परिणामस्वरूप, दिल्ली के 200 से अधिक मोहल्ला क्लीनिक बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के इस निर्णय से सैकड़ों कर्मचारी बेरोजगार हो गए हैं और लाखों गरीब मरीजों को मुफ्त इलाज से वंचित होना पड़ा है। “चार इंजन वाली भाजपा सरकार के चारों इंजन नौ महीनों में ही फेल हो चुके हैं,” कुलदीप कुमार ने कहा।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार ने दिल्ली के सरकारी अस्पतालों की हालत भी बदतर कर दी है। अस्पतालों में दवाइयों की कमी है और मरीज बिना इलाज के तड़प रहे हैं। लाल किला धमाके के बाद एलएनजेपी अस्पताल में शव ले जाने के लिए एम्बुलेंस तक नहीं थी — यह भाजपा सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने सरकार से अपील की कि मोहल्ला क्लीनिक तुरंत खोले जाएं और सभी कर्मचारियों को पुनः नियुक्त किया जाए।
वहीं मोहल्ला क्लीनिक यूनियन के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र कुमार ने कहा कि वे छह वर्षों से अधिक समय से मोहल्ला क्लीनिकों में कार्यरत हैं, लेकिन 30 अक्टूबर 2025 को अचानक समापन पत्र जारी कर दिया गया। इसके बाद 200 से अधिक क्लीनिक बंद कर दिए गए और 600 से अधिक कर्मचारी घर बैठा दिए गए। उन्होंने बताया कि 16 मई को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वादा किया था कि किसी को नौकरी से नहीं निकाला जाएगा और सभी को आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्राथमिकता से नियुक्त किया जाएगा, लेकिन अब वह वादा भी टूट गया।
डॉ. जितेंद्र ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता मोहल्ला क्लीनिक स्टाफ को भ्रष्ट और फर्जी डिग्रीधारी बताकर बदनाम कर रहे हैं, जबकि उनकी नियुक्ति मेरिट और लिखित परीक्षा के आधार पर हुई थी। उन्होंने कहा कि “हम झोलाछाप नहीं हैं, बल्कि मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया और नर्सिंग काउंसिल ऑफ इंडिया से प्रमाणित प्रोफेशनल्स हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि सैलरी तीन-चार महीने तक रोकी गई और अब बिना विस्तार के अनुबंध खत्म कर दिया गया।
डॉ. जितेंद्र ने कहा कि मामला अब केंद्रीय प्रशासनिक ट्रिब्यूनल (CAT) में है, जिसने 20 नवंबर तक यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है। इसके बावजूद 12 नवंबर को डॉक्टरों का अनुबंध समाप्त कर क्लीनिकों पर ताले जड़ दिए गए। उन्होंने बताया कि 545 मोहल्ला क्लीनिकों में लगभग 2000 कर्मचारी कार्यरत थे, जिनमें से अधिकांश अब बेरोजगार हैं। दवाइयों की भारी कमी है और प्रदूषण के बढ़ते मामलों के बीच सीओपीडी जैसे मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा।
उन्होंने कहा कि “हमने कोविड के समय फ्रंटलाइन वॉरियर की तरह काम किया, लेकिन आज हमें सड़क पर ला दिया गया। भाजपा ने कर्मचारियों को पार्टी कार्यकर्ता बताकर राजनीतिक बदले की भावना से हटाया है। यह दिल्ली की जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ है।”
विधायक कुलदीप कुमार और डॉ. जितेंद्र कुमार दोनों ने भाजपा सरकार से अपील की है कि तुरंत सभी मोहल्ला क्लीनिक दोबारा खोले जाएं, कर्मचारियों को बहाल किया जाए और जनता को मुफ्त इलाज की सुविधा वापस दी जाए, क्योंकि मोहल्ला क्लीनिक दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।