फलेदा कट पर किसानों और पुलिस के बीच झड़प: किसानों ने प्रशासन पर क्या आरोप लगाए
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (12/11/2025): जेवर क्षेत्र के फलेदा कट पर बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) के बैनर तले किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। किसान 64.7 प्रतिशत आबादी प्लॉट निस्तारण सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर यमुना प्राधिकरण और प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठे थे।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब बिगड़ गई जब किसानों का ट्रैक्टर जुलूस पुलिस द्वारा रोक दिया गया। इस पर किसानों और पुलिस बल के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हो गई। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस ने किसानों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, जिससे मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया। कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति रही, और दोनों पक्षों में हाथापाई जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
इस दौरान बीकेयू (लोक शक्ति) की राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता भाटी ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, किसान शांति और अनुशासन के साथ अपनी मांगें रख रहे थे, लेकिन प्रशासन ने अनुचित रवैया अपनाया। हाथापाई और बदतमीजी प्रशासन की ओर से की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।
वहीं दूसरी ओर, टेन न्यूज़ नेटवर्क से टेलीफोनिक बातचीत में एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने लाठीचार्ज की खबरों को खारिज किया। उन्होंने कहा, मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है। किसी प्रकार का लाठीचार्ज नहीं हुआ है। अधिकारी किसानों से शांतिपूर्वक वार्ता कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि किसान प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच संवाद जारी है, और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
किसानों की प्रमुख मांगें
64.7% आबादी के प्लॉटों का निस्तारण
विस्थापित किसानों को उचित मुआवजा और प्लॉट आवंटन
लंबित भूमि विवादों और पुनर्वास से जुड़ी शिकायतों का निपटारा
करीब दो घंटे की तनातनी के बाद प्रशासन और किसान नेताओं के बीच वार्ता शुरू होने पर स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई। फिलहाल फलेदा कट पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है, ताकि दोबारा किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।