मानवता हुई शर्मसार: कूड़े के ढेर से मिला नवजात बच्ची का शव, इलाके में फैली सनसनी!
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (10/11/2025): बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के ऐच्छर गांव में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब सड़क किनारे पड़े कूड़े के ढेर से नवजात बच्ची का शव बरामद हुआ। इस हृदयविदारक घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों में गुस्सा और आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सफाईकर्मी रोज की तरह सड़क किनारे जमा कूड़ा उठाने पहुंचे थे। उसी दौरान एक सफाईकर्मी को कूड़े के बीच किसी कपड़े में लिपटा नवजात का शव दिखाई दिया। उसने तुरंत अपने साथियों को इसकी जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही ऐच्छर चौकी पुलिस और बीटा-2 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि मृत नवजात लगभग छह से सात माह का भ्रूण प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को वहां किसने फेंका। वहीं, स्थानीय लोगों का अनुमान है कि यह कृत्य किसी अविवाहित महिला या प्रेम प्रसंग में फंसी युवती ने लोकलाज के डर से किया हो सकता है। कुछ लोगों ने यह भी आशंका जताई कि संभवतः कन्या भ्रूण होने के कारण गर्भपात के बाद नवजात को फेंका गया होगा। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नवजात बच्ची को कूड़े के ढेर में पड़े हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में गहरी नाराजगी है।
बीटा-2 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि आसपास के अस्पतालों और क्लीनिकों से जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हाल के दिनों में किस महिला का गर्भपात या प्रसव हुआ है। उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।