पंजाब में गरजी सीएम रेखा गुप्ता: भ्रष्टाचार और कर्ज से मुक्ति दिलाने का संकल्प
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Punjab News (09 November 2025): तरनतारन विधानसभा उपचुनाव के प्रचार में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को जोरदार रैली की। उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य की दिशा तय करने वाला निर्णायक चुनाव है। सीएम गुप्ता ने अपने दौरे की शुरुआत श्री दरबार साहिब में मत्था टेककर की और प्रदेश में शांति, सद्भाव और समृद्धि की कामना की। इसके बाद ठाकुरद्वारा मंदिर में भी उन्होंने दर्शन कर लोगों से संवाद किया। इस मौके पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे।
पंजाब सरकार पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जनसभा में मौजूदा पंजाब सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। गुप्ता ने कहा कि पंजाब में हर दिन हत्याएं और जबरन वसूली की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार मौन है। उन्होंने सवाल उठाया, “क्या पंजाब के लोग नहीं जानते कि इन सबके पीछे कौन है?”
नशे और कर्ज पर जताई चिंता
रेखा गुप्ता ने कहा कि पंजाब नशे की गंभीर समस्या से जूझ रहा है और मौजूदा सरकार इसे रोकने में नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे राज्य में नशे का जाल फैला हुआ है, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। साथ ही उन्होंने राज्य के बढ़ते कर्ज पर भी चिंता जताई और कहा कि “कर्ज का बोझ पंजाब के हर नागरिक के कंधे पर लाद दिया गया है।” उन्होंने वादा किया कि भाजपा के आने पर राज्य को नशे, भ्रष्टाचार और कर्ज से मुक्त कराया जाएगा।
केजरीवाल और आप पर साधा निशाना
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में आम आदमी पार्टी और उसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “जिस तरह केजरीवाल ने दिल्ली को बर्बाद किया, उसी राह पर अब पंजाब को भी धकेला जा रहा है।” रेखा गुप्ता ने कहा कि जनता अब इनकी झूठी राजनीति को पहचान चुकी है और इस बार तरनतारन की धरती से बदलाव की शुरुआत होगी।
भाजपा उम्मीदवार के समर्थन की अपील
रेखा गुप्ता ने लोगों से भाजपा प्रत्याशी हरजीत सिंह संधू को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव पंजाब में विकास, रोजगार और सुरक्षा की नई शुरुआत का प्रतीक बनेगा। गुप्ता ने वादा किया कि भाजपा शासन में पंजाब को नशामुक्त, सुरक्षित और आत्मनिर्भर राज्य बनाया जाएगा। उन्होंने कहा, “तरनतारन की धरती से मैं यह ऐलान करती हूं अब पंजाब को नशे, भ्रष्टाचार और कर्ज की बेड़ियों से आज़ाद किया जाएगा।”
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।