New Delhi News (01 नवंबर, 2025): दिल्ली के सबसे प्राचीन क्षेत्र चाँदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने केंद्र सरकार से राजधानी को उसका प्राचीन और गौरवशाली नाम “इंद्रप्रस्थ” लौटाने की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर आग्रह किया है कि दिल्ली को उसके ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत स्वरूप से जोड़ते हुए “इंद्रप्रस्थ” नाम दिया जाए।
खंडेलवाल ने कहा कि दिल्ली का इतिहास केवल हजारों वर्षों पुराना नहीं, बल्कि यह भारतीय सभ्यता की आत्मा और पांडवों द्वारा बसाए गए नगर “इंद्रप्रस्थ” की जीवंत परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम “इंद्रप्रस्थ जंक्शन” और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम “इंद्रप्रस्थ एयरपोर्ट” करने का भी सुझाव दिया है। इसके साथ ही उन्होंने राजधानी में पांडवों की भव्य प्रतिमाएँ स्थापित करने की मांग की है, ताकि नई पीढ़ी भारत की गौरवशाली परंपरा से जुड़ सके।
सांसद ने अपने पत्र की प्रतियां दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू और केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को भी भेजी हैं। उन्होंने कहा कि “जब देश के अन्य ऐतिहासिक नगर जैसे प्रयागराज, अयोध्या, काशी और उज्जैन अपनी प्राचीन पहचान से पुनः जुड़ रहे हैं, तब दिल्ली को भी उसके मूल स्वरूप ‘इंद्रप्रस्थ’ के रूप में सम्मान मिलना चाहिए।”
खंडेलवाल ने कहा कि “इंद्रप्रस्थ” नाम केवल एक ऐतिहासिक पुनर्स्थापन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक होगा। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सांस्कृतिक नवजागरण के विज़न के अनुरूप है, जिसमें भारत अपने प्राचीन नगरों की आत्मा को पुनर्जीवित कर रहा है। उन्होंने कहा कि “इंद्रप्रस्थ एयरपोर्ट” और “इंद्रप्रस्थ जंक्शन” जैसे नाम विश्व पटल पर भारत की प्राचीन विरासत को उजागर करेंगे और धार्मिक व सांस्कृतिक पर्यटन को भी बल मिलेगा।
सांसद ने कहा कि “दिल्ली केवल सत्ता का केंद्र नहीं, बल्कि धर्म, नीति और राष्ट्रधर्म का प्रतीक है। अब समय आ गया है कि उसे उसका वास्तविक नाम और पहचान लौटाई जाए — ‘इंद्रप्रस्थ’, जो भारतीय सभ्यता की आत्मा और गौरव का प्रतीक है।”


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।