जेवर टोल पर किसानों का हंगामा: जल्द ही आधार कार्ड दिखाकर होगी टोल फ्री आवाजाही — प्रशासन ने दी राहत की उम्मीद

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (31 अक्टूबर 2025): गौतमबुद्ध नगर के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जेवर टोल प्लाजा पर आए दिन हो रहे विवाद और स्थानीय किसानों से दुर्व्यवहार की घटनाओं के बाद अब प्रशासन ने समाधान की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि क्षेत्र के किसानों को जल्द ही आधार कार्ड दिखाकर टोल फ्री आवाजाही की सुविधा मिल सकती है।

दरअसल, जेवर क्षेत्र के किसानों की लंबे समय से यह मांग रही है कि 10 से 15 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय निवासियों को टोल टैक्स से मुक्त किया जाए। किसानों का कहना है कि उनकी तहसील, ब्लॉक और थाना सभी जेवर क्षेत्र में ही आते हैं, लेकिन हर बार उन्हें जेवर जाने के लिए टोल देना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी दोनों का सामना करना पड़ता है।

बीते दिन जेवर टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों और एक किसान के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि टोल कर्मियों ने किसान के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। इसकी सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के किसान बड़ी संख्या में टोल पर जुट गए और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। इस दौरान प्रशासन ने किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित टोल कर्मियों को हिरासत में लिया। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पवन खटाना ने मौके पर पहुंचकर किसानों की ओर से आवाज उठाई। उन्होंने कहा, जेवर क्षेत्र के किसानों की यह पुरानी मांग है कि उन्हें आधार कार्ड के आधार पर टोल से छूट दी जाए। ये किसान अपने ही इलाके में खेती-किसानी और रोजमर्रा के कामों के लिए आते-जाते हैं, लेकिन बार-बार टोल देने के कारण परेशान हैं। प्रशासन को इस पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

इस मामले में एसडीएम जेवर ने भी किसानों को आश्वासन दिया कि 10 नवंबर को उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की स्थानीय पहचान के रूप में आधार कार्ड दिखाने पर टोल फ्री पास व्यवस्था लागू करने पर विचार किया जा रहा है।

धरने के दौरान कई किसान नेता और ग्रामीण मौजूद रहे, जिनमें रॉबिन नागर, अनित कसाना, सुरेंद्र नागर, राजीव मलिक, सुनील प्रधान, योगेश भाटी, महेश खटाना, जीते गुर्जर, धर्मपाल स्वामी, सुभाष सिलारपुर, अनिल खटाना, सुंदर खटाना, ललित चौहान, संदीप खटाना, सुशील खटाना, शाकिर, सुधीर भाटी, संजीव मोरना, गुल हसन सहित सैकड़ों किसान शामिल थे।

किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर 10 नवंबर तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संभावना यह जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में गौतमबुद्ध नगर जिले के किसानों को टोल पर केवल आधार कार्ड दिखाकर निशुल्क आवागमन की सुविधा मिल जाएगी, जिससे उनकी वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सकेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।