रामा विहार हादसे पर AAP का भाजपा पर हमला, बच्ची की मौत के लिए बताया जिम्मेदार

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (29 अक्टूबर 2025): मुंडका के रामा विहार में जलभराव के कारण छह वर्षीय बच्ची प्रियांशी की डूबकर हुई मौत को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा शासित दिल्ली सरकार और एमसीडी को जिम्मेदार ठहराया है। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने बुधवार को आप मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर कहा कि यह हादसा भाजपा की नाकामी का परिणाम है। उन्होंने मांग की कि पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए और रामा विहार में बढ़ते जलभराव को तुरंत खत्म किया जाए।

अंकुश नारंग ने बताया कि 23 अक्टूबर को मुंडका क्षेत्र के रामा विहार कॉलोनी के ब्लॉक-के में प्रियांशी नाम की बच्ची जलभराव में डूब गई थी। शाम करीब 5:30 बजे वह पानी में गिर गई और रात 8 बजे स्थानीय लोगों ने उसका शव निकाला। पिछले तीन-चार महीनों से इस क्षेत्र में सात फुट तक पानी भरा हुआ है, जिससे कई परिवारों को अपने घर खाली कर किराए पर रहना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और प्रशासन की लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी हुई है।

आप नेता ने आरोप लगाया कि भलस्वा कूड़े का पहाड़ काटकर रामा विहार में डाला जा रहा है, जिससे नया कूड़े का पहाड़ खड़ा हो गया है और जल निकासी पूरी तरह ठप हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार दिल्ली को स्वच्छ बनाने का दावा करती है, लेकिन हकीकत यह है कि रामा विहार जैसे इलाके कूड़े और गंदगी से पटे पड़े हैं। भाजपा का तथाकथित स्वच्छता अभियान केवल दिखावा है।

नारंग ने सवाल उठाया कि आखिर प्रियांशी की मौत का जिम्मेदार कौन है, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, जो कहती हैं कि दिल्ली में वाटर लॉगिंग नहीं है, या मेयर राजा इकबाल सिंह, जो दावा करते हैं कि दिल्ली को कूड़े से मुक्त कर दिया गया है, जबकि जमीन पर हालात इसके विपरीत हैं? उन्होंने कहा कि प्रशासन तीन महीने से जलभराव की समस्या का समाधान नहीं कर पाया, जो भाजपा की नाकामी को उजागर करता है।

आम आदमी पार्टी ने तीन मांगें रखी हैं

1. रामा विहार में जमा पानी को तुरंत निकाला जाए।

2. भलस्वा कूड़े का अवैध रूप से अन्य क्षेत्रों में डाला जाना बंद किया जाए।

3. मृतक बच्ची के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।

एमसीडी के सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने भी भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा ने दिल्ली को “कूड़े का शहर” बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भलस्वा का कूड़ा काटकर रामा विहार के प्लॉटों में भरा जा रहा है, जिससे सैकड़ों प्लॉटों में आठ-दस फुट तक पानी जमा हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रियांशी के परिवार से न तो स्थानीय भाजपा विधायक और न ही पार्षद मिलने गए — यह बेहद शर्मनाक है।

आप नेता प्रीति डोगरा ने बताया कि हादसे के दिन वह अंकुश नारंग और प्रवीण कुमार के साथ मौके पर पहुंचीं तो देखा कि हर कोने में सात फुट तक पानी भरा था और इलाके में कूड़ा, मच्छर और गंदगी का आलम था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने रामा विहार को “कूड़ा विहार” बना दिया है।

प्रीति डोगरा ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके नेताओं के पास एक गरीब परिवार से मिलने का भी समय नहीं है। उन्होंने पूछा कि भाजपा सरकार के वादे, जुमले और फर्जी दावे कब तक चलते रहेंगे? आम आदमी पार्टी ने कहा कि वह प्रियांशी को न्याय दिलाने और भाजपा की लापरवाही को उजागर करने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया है कि जब तक रामा विहार से जलभराव खत्म नहीं होता और कूड़े की अवैध डंपिंग नहीं रुकती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।