लाल किला बनेगा सांस्कृतिक उत्सव का केंद्र, पहली बार मनाया जाएगा “दिल्ली फाउंडेशन डे”
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (29 October 2025): दिल्ली में एक नवंबर का दिन इस बार खास होने जा रहा है। पहली बार दिल्ली सरकार लाल किला परिसर में ‘दिल्ली फाउंडेशन डे’ का भव्य आयोजन करने जा रही है। इस अवसर पर लाल किला भारत की विविध संस्कृति, खानपान और कला का संगम बनेगा। दिल्ली के साथ-साथ देश के नौ अन्य राज्यों का फाउंडेशन डे भी इसी मंच से मनाया जाएगा, जिससे यह आयोजन एक राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव का रूप लेगा।
एक मंच पर देश की विविधता का उत्सव
अधिकारियों के मुताबिक, 1 नवंबर को लाल किला परिसर में दिल्ली के अलावा आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, पंजाब, केरल, तमिलनाडु, हरियाणा, मध्य प्रदेश और तेलंगाना जैसे राज्यों के फाउंडेशन डे समारोह भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में इन राज्यों के फूड स्टॉल्स, पारंपरिक लोक नृत्य, और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए भारत की समृद्ध विविधता को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही, चार केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़, लक्षद्वीप, पुडुचेरी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह की सांस्कृतिक झलकियां भी लोगों को देखने को मिलेंगी।
दिल्ली को मिलेगा अपना पहला आधिकारिक लोगो
इस ऐतिहासिक अवसर पर दिल्ली को उसका पहला आधिकारिक लोगो भी मिलेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई हालिया कैबिनेट बैठक में तीन प्रस्तावित लोगो में से एक को अंतिम रूप दिया गया है। यह लोगो दिल्ली की परंपरा, आधुनिकता और नागरिक-केंद्रित शासन व्यवस्था का प्रतीक होगा। मुख्यमंत्री का कहना है कि यह लोगो दिल्ली की पहचान और आत्मा को दर्शाएगा और ‘दिल्ली फाउंडेशन डे’ के मंच से इसे औपचारिक रूप से लॉन्च किया जाएगा।
विशेष आकर्षण: सरदार पटेल जयंती पर प्रोजेक्शन मैपिंग शो
कार्यक्रम के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में विशेष प्रोजेक्शन मैपिंग शो का आयोजन किया जाएगा। इस शो में भारत के एकीकरण और दिल्ली की ऐतिहासिक विरासत को डिजिटल प्रकाश के माध्यम से जीवंत रूप में प्रदर्शित किया जाएगा। लाल किला की प्राचीर पर रोशनी और ध्वनि का यह शानदार संयोजन देश की एकता और विविधता के संदेश को समर्पित होगा।
युवा प्रतिभाओं की प्रस्तुतियां होंगी आकर्षण का केंद्र
फाउंडेशन डे के मौके पर लाल किला परिसर में एनएसएस, एनसीसी और ‘माई भारत’ के छात्रों द्वारा सांस्कृतिक और देशभक्ति प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। दिल्ली सरकार का कहना है कि यह कार्यक्रम न केवल राजधानी के गौरव को प्रदर्शित करेगा बल्कि युवाओं को अपनी संस्कृति, इतिहास और एकता के मूल्यों से जोड़ने का अवसर भी प्रदान करेगा। इस आयोजन के जरिए लाल किला 1 नवंबर को भारत की साझा संस्कृति, कला और एकता के उत्सव का प्रतीक बन जाएगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।