नोएडा पुलिस ने मंदिर चोरी का किया खुलासा: चांदी गलाने वाला सुनार और चोर गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (29/10/2025): थाना सेक्टर-24 पुलिस ने सेक्टर-12 स्थित शिव मंदिर में हुई चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए एक शातिर चोर और एक सुनार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग 3.5 किलोग्राम चांदी बरामद की है, जिसे चोर ने मंदिर से चुराया था और सुनार गलाकर नई सिल्ली (चांदी की ईंट) बनाने की तैयारी में था।
15 अक्टूबर को सेक्टर-12 के शिव मंदिर में चोरी की वारदात हुई थी। चोरों ने मंदिर में स्थापित शिवलिंग पर लगे चांदी के छत्र और अन्य मूर्तियों के आभूषण चुरा लिए थे। चोरी की यह घटना स्थानीय भक्तों में आक्रोश का कारण बनी थी। पुलिस ने घटना के बाद आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (LIU) की मदद से संदिग्धों की पहचान शुरू की।
एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सेक्टर-11 स्थित वीडियो कॉन चौराहा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान राजू सिंह उर्फ सोनू (मूल निवासी उत्तर प्रदेश) और सदाशिव (जिला मुरादाबाद) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 5 सिल्ली सफेद धातु (करीब 3.5 किलो चांदी) बरामद की।
पुलिस पूछताछ में राजू सिंह ने कबूल किया कि वह पेशे से लेबर है, लेकिन अधिक पैसे कमाने की चाह में चोरी के रास्ते पर चल पड़ा। उसने बताया कि वह पहले भी चंडीगढ़ के एक मंदिर से चोरी कर चुका है। राजू मंदिरों की रेकी करता था और रात के समय वहां लगे चांदी या सोने के आभूषण चुराता था।
राजू ने खुलासा किया कि करीब 10–12 दिन पहले उसने सेक्टर-12 के शिव मंदिर से शिवलिंग पर लगे चांदी के छत्र और मूर्तियों के आभूषण चुराए थे। चोरी के पैसे से उसने DL10AA9570 नंबर की मोटरसाइकिल खरीदी, जो उसकी पत्नी के नाम पर दर्ज है। पुलिस के अनुसार, बाइक की खरीद भी चोरी के पैसों से की गई थी।
गिरफ्तार दूसरा आरोपी सदाशिव, मुरादाबाद के फैजगंज इलाके में सोना-चांदी गलाने का व्यवसाय करता है। पूछताछ में उसने बताया कि राजू अक्सर उसके पास चोरी का चांदी-सोना गलवाने लाता था। लालच में आकर वह चोरी के आभूषणों को गलाकर सिल्ली (धातु की ईंट) बना देता था, जिससे नया जेवर बनाया जा सके।
सदाशिव ने यह भी स्वीकार किया कि करीब दस दिन पहले राजू ने मंदिर से चुराए गए चांदी के आभूषण उसे गलाने के लिए दिए थे। वह सिल्ली बनाकर उसे वापस देने की तैयारी में था, तभी दोनों को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि राजू सिंह शातिर किस्म का अपराधी है और कई राज्यों में मंदिरों से चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। उसके नेटवर्क और पुराने मामलों की जांच की जा रही है। वहीं, सदाशिव के खिलाफ भी चोरी का माल खरीदने और गलाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।
एडीसीपी सुमित शुक्ला ने कहा कि, आरोपियों से पूछताछ में और भी घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है। चोरी किए गए धार्मिक स्थलों के आभूषणों की बरामदगी हमारी प्राथमिकता है। मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।