यशोदा मेडिसिटी का उद्घाटन कर बोली राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू – “यह अस्पताल बनेगा चिकित्सा उत्कृष्टता की मिसाल”

टेन न्यूज नेटवर्क

GHAZIABAD News (26/10/2025): राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद में रविवार को एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) ने इंदिरापुरम स्थित यशोदा मेडिसिटी अस्पताल (Yashoda Medicity Hospital) का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर देश और प्रदेश के शीर्ष नेताओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, तथा डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सहित कई अन्य वीवीआईपी शामिल हुए।

राष्ट्रपति मुर्मू ने रिबन काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर अस्पताल का शुभारंभ किया। उन्होंने अस्पताल परिसर के ग्राउंड फ्लोर का निरीक्षण किया, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों और सुविधाओं का अवलोकन किया तथा डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने स्टाफ सदस्यों के साथ सामूहिक फोटो सेशन भी कराया। उद्घाटन समारोह से पहले राष्ट्रपति मुर्मू ने अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर का भ्रमण किया और चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल कर्मियों से बातचीत की और उनके साथ समूह फोटो भी खिंचवाया।

राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि, यशोदा मेडिसिटी उत्तर भारत के चिकित्सा क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करेगा। डॉ. पी.एन. अरोड़ा ने इस संस्थान को अपनी माता जी की स्मृति में विकसित किया है, यह भावनात्मक और प्रेरणादायक कदम है। उन्होंने जिस समर्पण और दृष्टि के साथ इस परियोजना को साकार किया है, वह सराहनीय है।

उन्होंने आगे कहा कि इस अस्पताल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि मरीज को “एक ही बेड पर सभी आधुनिक सुविधाएं और मशीनें उपलब्ध होंगी।” इससे मरीजों को इधर-उधर भटकने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और उन्हें बेहतर व त्वरित इलाज मिल सकेगा।राष्ट्रपति ने कहा कि उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और ऐसे अत्याधुनिक संस्थान प्रदेश को चिकित्सा पर्यटन का केंद्र बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

भव्य आयोजन में 3,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था

उद्घाटन समारोह के दौरान लगभग 3,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। प्रवेश केवल पास, आधार कार्ड और वेरिफिकेशन प्रक्रिया के बाद ही दिया गया। कार्यक्रम में देशभर से आए डॉक्टरों, समाजसेवियों, उद्योगपतियों, एम्स और अन्य संस्थानों के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में एटीएस कमांडो और सुरक्षा बलों को तैनात किया गया था, ताकि सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनी रहे।

2550 जवानों की तैनाती, चार एसपी और 16 सीओ ने संभाली कमान

एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।
सुरक्षा ड्यूटी में 4 एसपी, 4 एएसपी, 16 सीओ, 30 इंस्पेक्टर, 847 दरोगा, 671 हेड कांस्टेबल और सिपाही, 70 महिला पुलिसकर्मी तथा 2 कंपनी पीएसी लगाई गई थी।

डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसन के अनुसार, यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3 सीओ, 8 टीआई और 550 ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए। शहर के प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन योजना लागू की गई थी ताकि वीआईपी मूवमेंट में कोई बाधा न हो।

मुख्यमंत्री योगी ने की तैयारियों की समीक्षा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम से एक दिन पहले ही स्थल का निरीक्षण किया था। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और प्रशासनिक समन्वय की विस्तृत समीक्षा की।

यशोदा मेडिसिटी अस्पताल का उद्घाटन न केवल गाजियाबाद, बल्कि पूरे उत्तर भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक नई उपलब्धि साबित हुआ है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में हुआ यह कार्यक्रम आधुनिक चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में भारत की प्रगति का प्रतीक रहा। अत्याधुनिक तकनीक, रोबोटिक सर्जरी और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के साथ यह संस्थान प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में स्वास्थ्य उत्कृष्टता का नया केंद्र बनने जा रहा है। इस भव्य आयोजन ने यह संदेश भी दिया कि सरकार और निजी क्षेत्र के समन्वय से भारत का स्वास्थ्य तंत्र और अधिक मजबूत, सुलभ और विश्वस्तरीय बन सकता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।