मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुलाई उच्च स्तरीय बैठक, चाँदनी चौक सीलिंग मामले में व्यापारियों को दिया आश्वासन
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (25 अक्टूबर 2025): चाँदनी चौक में हुई दुकानों की सीलिंग के मुद्दे पर आज सांसद प्रवीन खंडेलवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की। बैठक में सीलिंग से उत्पन्न हुई परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल में दिल्ली हिन्दुस्तानी मार्केंटाइल एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश सचदेवा, महासचिव भगवान बंसल, दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर, चाँदनी चौक भाजपा अध्यक्ष अरविंद गर्ग, भाजपा नेता गोपाल गर्ग, व्यापारी नेता सुभाष गोयल एवं अभिषेक गणेरिवाल सहित कई प्रमुख व्यापारी शामिल थे।
मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मामले की गम्भीरता को देखते हुए शनिवार होने के बावजूद एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। इस बैठक में दिल्ली के मुख्य सचिव, नगर निगम आयुक्त, वरिष्ठ निगम अधिकारी, सांसद प्रवीन खंडेलवाल और अन्य भाजपा नेता भी मौजूद रहे।

बैठक में सांसद प्रवीन खंडेलवाल और प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को बताया कि चाँदनी चौक पूरी तरह से एक व्यापारिक क्षेत्र है और कुछ दुकानों की सीलिंग एक व्यक्ति विशेष के कारण हुई है, जो कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत की गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि दिल्ली सरकार और नगर निगम न्यायालय में व्यापारियों का पक्ष मजबूती से रखें और यह स्पष्ट करें कि यह इलाका मास्टर प्लान के अंतर्गत वैध रूप से व्यावसायिक क्षेत्र है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तत्काल मुख्य सचिव और नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिया कि वे सर्वोच्च न्यायालय में यह तथ्य रखें कि 1962 के पहले से ही चाँदनी चौक को स्वीकृत व्यापारिक क्षेत्र घोषित किया गया था और दिल्ली मास्टर प्लान 2021 के अनुसार यह अधिकांशतः व्यावसायिक या मिश्रित उपयोग वाला क्षेत्र है। ऐसे में यहां सीलिंग करना अनुचित है।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली के व्यापारियों को आश्वासन दिया कि न केवल दिल्ली नगर निगम बल्कि दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार भी जरूरत पड़ने पर सर्वोच्च न्यायालय में व्यापारियों के पक्ष में खड़ी होगी। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगी ताकि दिल्ली के ऐतिहासिक बाजारों की आर्थिक और सांस्कृतिक धरोहर सुरक्षित रह सके।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।