यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: सीआरपीएफ हवलदार की मौत, चार घायल

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (24/10/2025): यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सीआरपीएफ (CRPF) के एक हवलदार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा जेवर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि झारखंड निवासी वीरेंद्र कुमार, जो सीआरपीएफ में हवलदार के पद पर तैनात थे और जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी कर रहे थे, अपने परिवार के साथ पंजाब से झारखंड लौट रहे थे। कार में उनके साथ उनकी पत्नी, बेटा, बेटी और रिश्तेदार कंचन कुमार दुबे सवार थे।

रात करीब एक बजे, कानीगढ़ी के समीप उनकी कार के आगे चल रहे एक ट्रक ने अचानक ओवरटेक करते हुए तेज ब्रेक लगा दिए। अचानक ब्रेक लगने से कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना पर यमुना एक्सप्रेसवे पुलिस और जेवर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस से तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने वीरेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। मृतक वीरेंद्र कुमार के सहयात्री कंचन दुबे ने बताया कि ट्रक चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। दुबे ने बताया कि उन्होंने कई बार हॉर्न बजाया, लेकिन ट्रक चालक ने न केवल रास्ता रोका बल्कि अचानक ब्रेक मार दिए।

कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक्सप्रेसवे पर रात के समय भारी वाहनों द्वारा अचानक लेन बदलना और ओवरटेक करना अक्सर ऐसे हादसों की वजह बनता है। पुलिस ने यात्रियों से सावधानीपूर्वक ड्राइव करने और रात में रफ्तार नियंत्रित रखने की अपील की है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।