पिछली सरकारों ने षडयंत्र के तहत छठ पूजा को रोक रखा था: मंत्री कपिल मिश्रा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (23 October 2025): दिल्ली सरकार ने इस बार छठ पूजा को लेकर बड़ा ऐलान किया है। मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार ने वादा किया था कि श्रद्धालुओं को यमुना किनारे पूजा करने की सुविधा दी जाएगी, और अब वह संकल्प पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा, “यह हमारी सरकार की पहली छठ पूजा है और पहली ही बार में हमने अपना चुनावी वादा पूरा कर दिखाया है। यह सरकार कहने वाली नहीं, करने वाली है।”

मिश्रा ने बताया कि यमुना किनारे श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और स्वच्छ घाटों की व्यवस्था की गई है, ताकि व्रतधारी महिलाएं और उनके परिवार बिना किसी परेशानी के सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर सकें। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस दिशा में प्रशासन, एनजीओ और सफाईकर्मियों के सहयोग से विशेष अभियान चलाया है, ताकि यमुना तट पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

दिल्ली सरकार के मंत्री ने पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा और कहा कि “पिछली सरकारों ने छठ पूजा को षड्यंत्र के तहत रोक रखा था। हमारी सरकार आस्था का सम्मान करती है, इसलिए यमुना किनारे छठ पर्व के आयोजन की ऐतिहासिक परंपरा को पुनर्जीवित किया जा रहा है।” उन्होंने दावा किया कि यह आयोजन दिल्लीवासियों के विश्वास और संस्कृति के पुनर्स्थापन का प्रतीक बनेगा।।

टिप्पणियाँ बंद हैं।