दिल्ली वालों के दिल को खुश करने वाली दिवाली: सीएम रेखा गुप्ता | Diwali 2025

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (18 October 2025): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय में आयोजित दिवाली मंगल मिलन समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए दिल्लीवासियों को धनतेरस, दीपावली और भैया दूज की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि “इस बार की दिवाली दिल्ली के हर नागरिक के लिए दिल खुश करने वाली दिवाली होगी, क्योंकि आज बच्चा, बूढ़ा, महिला या युवा हर वर्ग में एक नई ऊर्जा और उल्लास का संचार है।” उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल रोशनी का नहीं, बल्कि संतोष, समृद्धि और प्रभु कृपा का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार ने पिछले छह महीनों के कार्यकाल में यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि दिल्ली के हर वर्ग के नागरिक तक विकास और खुशहाली के अवसर पहुंचें। “हमने इस समय का सदुपयोग करते हुए दिल्ली की जनता के हर वर्ग के लिए काम किया है। चाहे यमुना की सफाई हो या छठ पूजा की तैयारी — हर धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन को दिव्यता के साथ मनाने की पूरी तैयारी की गई है।” उन्होंने कहा कि यह दिवाली पूर्वांचल के भाइयों की आस्था और राष्ट्रीय एकता की भावना को भी जोड़ने वाली दिवाली होगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस बार राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर लाखों दीयों से जगमगाती दिवाली का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन केवल रोशनी का प्रतीक नहीं बल्कि दिल्ली की नई ऊर्जा और सामूहिक भावना का उत्सव होगा। “हर हाथ में एक दीप होगा, हर घर में एक प्रकाश होगा और हर व्यक्ति की प्रार्थना यही होगी कि दिल्ली हमेशा उज्ज्वल, ऊर्जावान और उत्सवमयी बनी रहे।”

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सरकार की हालिया उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने व्यापारियों के लिए ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस’ को बढ़ावा देने, जीएसटी बचत और रिफंड प्रक्रिया को आसान बनाने, तथा युवाओं के लिए नई ‘क्रिएटिव कैपिटल’ नीति लागू करने जैसे कदम उठाए हैं। अब दिल्ली “इवेंट-फ्रेंडली सिटी” के रूप में तेजी से विकसित हो रही है, जहां रोजाना राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक आयोजन होंगे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि इस बार की दिवाली पर दिल्ली में ग्रीन पटाखों की अनुमति दी गई है ताकि पर्यावरण की रक्षा के साथ परंपरा का सम्मान भी बना रहे। “हमारी सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि दिल्ली की हवा और उत्सव दोनों स्वस्थ रहें। व्यापारी वर्ग को राहत देने और आम जनता को सुरक्षित उत्सव का माहौल देने के लिए सरकार लगातार कार्यरत है।”

अपने भाषण के अंत में मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और संगठन के नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी है, और यह दिवाली दिल्ली के हर नागरिक की दिवाली है। मैं विशेष रूप से अलका दीदी और पार्टी के सभी साथियों को धन्यवाद देती हूं जिन्होंने जनसेवा को अपना धर्म बनाया। यह दिवाली दिल्ली की समृद्धि, ऊर्जा और एकता का प्रतीक बने।” मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर देश और दिल्लीवासियों के लिए शांति, समृद्धि और सतत प्रगति की कामना की।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।