“मुझे थप्पड़ मारा, इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया”: प्रोफेसर सुजीत कुमार | थप्पड़ कांड

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (17 October 2025): दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज में गुरुवार को हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया है। कॉलेज के प्रोफेसर सुजीत कुमार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की संयुक्त सचिव दीपिका झा ने उन्हें थप्पड़ मारा और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के सदस्यों ने पुलिस की मौजूदगी में उन पर हमला किया। सुजीत कुमार ने दावा किया कि उन्हें प्रिंसिपल के दफ्तर में घेरकर इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

प्रिंसिपल के ऑफिस में हुआ हमला

प्रोफेसर सुजीत कुमार, जो कॉलेज की अनुशासन समिति के संयोजक भी हैं, ने बताया कि यह हमला उस वक्त हुआ जब कॉलेज प्रशासन ने हाल ही में छात्रों के बीच हुई झड़प पर चर्चा के लिए बैठक बुलाई थी। उन्होंने कहा, “मीटिंग के दौरान अचानक कुछ एबीवीपी से जुड़े छात्र अंदर आए और मुझ पर दबाव बनाने लगे। तभी दीपिका झा ने मुझे थप्पड़ मारा। यह सब दिल्ली पुलिस के जवानों की मौजूदगी में हुआ।”

समारोह में शुरू हुआ था विवाद

प्रोफेसर सुजीत कुमार ने बताया कि विवाद की जड़ दो दिन पहले हुए फ्रेशर्स समारोह से जुड़ी है। उनके मुताबिक, “प्रिंसिपल कुलपति कार्यालय जा रहे थे और उन्होंने मुझे आयोजन की जिम्मेदारी दी थी। उसी दौरान कॉलेज के कुछ छात्रों ने निर्वाचित अध्यक्ष की पिटाई कर दी। जब मैंने उन्हें रोकने और समझाने की कोशिश की, तो वे दोबारा भिड़ गए। एक शिक्षक राकेश यादव ने एबीवीपी से जुड़े छात्रों का पक्ष लिया, जिससे माहौल और बिगड़ गया। जब स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई, तब पुलिस ने आकर मुझे बचाया।”

“इस्तीफा देने का दबाव बनाया गया”

कुमार ने कहा कि झगड़े के बाद उन्हें प्रिंसिपल के दफ्तर में बुलाया गया, जहां कुछ छात्र नेता पहले से मौजूद थे। उन्होंने बताया, “मुझसे कहा गया कि आप तुरंत इस्तीफा दें। मैंने भारी दबाव में आकर इस्तीफा दे दिया। उसी समय दीपिका नाम की छात्रा ने मुझे थप्पड़ मारा, जो अब वीडियो में भी देखा जा सकता है।”

विश्वविद्यालय ने गठित की जांच समिति

इस घटना के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छह सदस्यीय जांच समिति गठित की है। इस समिति की अध्यक्षता प्राणी विज्ञान विभाग की प्रोफेसर नीता सहगल कर रही हैं। समिति को जल्द से जल्द पूरे मामले की तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

कॉलेज में तनाव, सोशल मीडिया पर हंगामा

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद कॉलेज परिसर में तनाव बढ़ गया है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस घटना की निंदा की है, वहीं कुछ लोग छात्र संगठनों के बीच चल रहे राजनीतिक टकराव को इसकी वजह बता रहे हैं। पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन ने फिलहाल मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

दीपिका झा ने अपने सफाई में क्या कहा

दीपिका झा ने एक वीडियो जारी कर उस पूरे प्रकरण सफाई दी है, दीपिका ने कहा कि, “जब मैं प्राचार्य ऑफिस में पहुंची, वहां पुलिस की उपस्थिति में प्रोफेसर सुजीत कुमार द्वारा मुझे धमकी दी गई अपशब्द बोले गए, जब मैं वहां उपस्थित पुलिस कर्मियों को बोला बार-बार कि मुझे धमकी दी जा रही है मुझे गाली दिया जा रहा है। जब उनकी तरफ से कोई कार्यवाही नहीं हुई”, आगे दीपिका ने कहा कि, “वह नशे की हालत में थे, यह देखकर और क्षणिक आक्रोश में आकर मेरा हाथ उठ जाता है। मैं इस घटना के प्रति खेद प्रकट करती हूं । मैं समस्त टीचर समुदाय से माफी मांगती हूं l मेरा आप सभी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना उद्देश्य नहीं था।”

जांच समिति रिपोर्ट ही बताएगी वास्तविकता

डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज में हुआ यह विवाद दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति और शिक्षकों के बीच संबंधों पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। एक ओर जहां प्रोफेसर सुजीत कुमार अपने साथ हुए व्यवहार को लेकर न्याय की मांग कर रहे हैं, वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन अब इस पूरे प्रकरण की तह तक जाने की तैयारी में है। आगामी दिनों में जांच समिति की रिपोर्ट इस पूरे मामले की सच्चाई को सामने लाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।