यमुना एक्सप्रेसवे पर पटाखे की चिंगारी से धू- धू कर जलने लगी बस, 50 यात्रियों की जान पर बनी आफत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

GREATER NOIDA News (17/10/2025): यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलते हुए बस की छत पर अचानक आग लग गई। बस पंजाब के लुधियाना से आगरा जा रही थी और उसमें लगभग 50 यात्री सवार थे। आग लगने के बावजूद चालक की सूझबूझ और यात्रियों की सतर्कता से सभी की जान बच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब बस दनकौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेसवे के पास पहुंची थी। उसी दौरान बस की छत पर रखे सामान में अचानक आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि दिवाली की आतिशबाजी के दौरान जलता हुआ पटाखा चलती बस की छत पर जा गिरा, जिससे वहां रखे सामान ने तुरंत आग पकड़ ली।

आग की लपटें देखते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। चालक ने तुरंत बस को सड़क के किनारे रोका और यात्रियों को बाहर निकलने का निर्देश दिया। सभी यात्री सुरक्षित रूप से बस से बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही दनकौर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, बस की छत पर रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।

दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दिवाली की आतिशबाजी से उड़कर आए पटाखे की चिंगारी को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि, सौभाग्य से सभी यात्री समय रहते नीचे उतर गए, जिससे कोई जानमाल की हानि नहीं हुई। मामले की जांच जारी है और शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं और कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ। यह घटना दिवाली के दौरान सुरक्षा मानकों और आतिशबाजी के लापरवाह इस्तेमाल पर एक बार फिर सवाल खड़े करती है। पुलिस ने अपील की है कि त्योहारों के दौरान विशेष सावधानी बरती जाए ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।