ज्योति नगर जैन मंदिर चोरी कांड का खुलासा, कलश खरीदने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (13 October 2025): नई दिल्ली के ज्योति नगर स्थित जैन मंदिर से चोरी हुए 40 लाख रुपये के मूल्यवान कलश मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कलश खरीदने के आरोप में एक 42 वर्षीय महिला और 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी कबाड़ का काम करते हैं और उनके पास से चोरी किया गया कलश भी बरामद कर लिया गया है। हालांकि, चोरी की इस वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है, जब एक अज्ञात व्यक्ति मंदिर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुआ और मंदिर के शिखर पर चढ़कर कलश को उखाड़ ले गया। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें आरोपी को मंदिर की दीवार फांदते और कलश उतारते हुए देखा जा सकता है। यह फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। शनिवार सुबह जब श्रद्धालु पूजा करने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि शिखर से कलश गायब है, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मंदिर समिति के प्रधान नीरज जैन ने बताया कि चोरी हुआ कलश सोने की परत से मढ़ा हुआ था और उसकी अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये थी। उन्होंने कहा कि यह कलश केवल धातु का नहीं, बल्कि श्रद्धा और परंपरा का प्रतीक था। चोरी की खबर मिलते ही मंदिर प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जांच शुरू की गई। मंदिर के सदस्यों ने मांग की है कि आरोपी को जल्द पकड़ा जाए और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इस वारदात के बाद इलाके के लोगों में भारी आक्रोश है। श्रद्धालुओं ने कहा कि अब मंदिरों में भी सुरक्षा का अभाव दिखने लगा है। स्थानीय नागरिकों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और मंदिरों में सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने की मांग की है। वहीं, नॉर्थ-ईस्ट जिला पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।