दिल्ली में पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को मिला सरकारी आवास, जानें कहां रहेंगे AAP सुप्रीमो

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (08 October 2025): दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को आखिरकार नया सरकारी बंगला मिल गया है। करीब एक साल से बिना आवास के रह रहे केजरीवाल को अदालत के आदेश के बाद 95, लोधी एस्टेट स्थित टाइप VII बंगला आवंटित किया गया है। यह बंगला उन्हें पार्टी अध्यक्ष होने के नाते केंद्र सरकार के नियमों के तहत दिया गया है।

केजरीवाल के आवास को लेकर बीते कई महीनों से विवाद चल रहा था। मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद उन्होंने पुराना मुख्यमंत्री आवास खाली कर दिया था और तब से नए आवास के इंतजार में थे। आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार से बार-बार अनुरोध किया, लेकिन कोई निर्णय नहीं लिया गया। अंततः पार्टी अदालत पहुंची, जहां से आदेश जारी हुआ कि राष्ट्रीय पार्टी के प्रमुख होने के नाते केजरीवाल को सरकारी आवास मिलना चाहिए।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अब उन्हें जो बंगला आवंटित किया गया है, वह लोधी एस्टेट के प्रतिष्ठित इलाके में स्थित है। यह वही क्षेत्र है जहां कई पूर्व मंत्री, सांसद और वरिष्ठ नौकरशाह रहते हैं। बताया जा रहा है कि केजरीवाल जल्द ही अपने परिवार के साथ इस नए बंगले में शिफ्ट होंगे। यह बंगला सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त है और इसकी सुरक्षा व्यवस्था भी उच्चस्तरीय रखी जाएगी।

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने पहले केंद्र सरकार से 35, लोधी एस्टेट स्थित वह बंगला मांगा था, जहां कभी मायावती रहती थीं। हालांकि, वह आवास जुलाई में ही केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को आवंटित किया जा चुका था। इसके बाद पार्टी ने विकल्प के तौर पर 95, लोधी एस्टेट का प्रस्ताव रखा, जिसे अदालत के आदेश के बाद अब मंजूरी मिल गई है।।

टिप्पणियाँ बंद हैं।