JNU में रावण के पुतले पर उमर खालिद और शरजील इमाम का फोटो, फिर क्या हुआ?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (03/10/2025): जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में गुरुवार शाम दुर्गा पूजा विसर्जन शोभायात्रा और रावण दहन के दौरान एबीवीपी और वामपंथी छात्र संगठनों के बीच भारी विवाद हो गया। आरोप है कि रावण के पुतले पर उमर खालिद और शरजील इमाम की तस्वीर लगाने के बाद स्थिति बिगड़ गई। इसके साथ ही दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस पर पथराव की घटना ने माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया।

एबीवीपी का आरोप – आस्था पर हमला

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने आरोप लगाया कि आइसा, एसएफआई और डीएसएफ जैसे वामपंथी संगठनों ने साबरमती टी-पॉइंट पर दुर्गा विसर्जन शोभायात्रा पर हमला किया। एबीवीपी का दावा है कि इस पथराव में कई छात्र-छात्राएं घायल हुए। संगठन के जेएनयू अध्यक्ष मयंक पांचाल ने कहा कि यह केवल धार्मिक अनुष्ठान पर हमला नहीं, बल्कि छात्रों की आस्था और विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक परंपराओं पर सीधा प्रहार है।

आइसा का पलटवार – धर्म का राजनीतिक इस्तेमाल

वामपंथी छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा) ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया। उनका कहना है कि एबीवीपी धार्मिक आयोजनों का इस्तेमाल राजनीतिक प्रचार के लिए कर रही है। आइसा ने रावण दहन में उमर खालिद और शरजील इमाम की तस्वीर लगाने को इस्लामोफोबिया बताते हुए कहा कि यह राजनीतिक लाभ के लिए धार्मिक भावनाओं का शोषण है।

विवादास्पद चरित्रों को लेकर उठे सवाल

आइसा ने एबीवीपी से सवाल किया कि यदि वह सच में ‘‘रावण’’ की पहचान करना चाहती थी तो उसने नाथूराम गोडसे, गुरमीत राम रहीम या 2020 दिल्ली दंगों में भड़काऊ भाषण देने वाले नेताओं को क्यों नहीं चुना। संगठन ने कहा कि यह चयन दर्शाता है कि एबीवीपी केवल सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की राजनीति करना चाहती है।

प्रशासन की चुप्पी, छात्रों में आक्रोश

घटना को लेकर अभी तक जेएनयू प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं, जिससे कैंपस का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। छात्रों के बीच आक्रोश और चिंता है कि विश्वविद्यालय बार-बार राजनीतिक टकराव का अखाड़ा क्यों बनता जा रहा है। इस घटना ने जेएनयू परिसर में धार्मिक और राजनीतिक टकराव की बहस को एक बार फिर तेज कर दिया है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।