लालकिला मैदान में गूंजा लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध, कुंभकरण के जागरण ने मोहा दर्शकों का मन

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (01/10/2025): विश्वविख्यात लव कुश रामलीला के नौवें दिन लालकिला मैदान का दृश्य अद्भुत बन गया जब मंच पर भयंकर लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध का सजीव मंचन हुआ। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच वीरता, त्याग और धर्मयुद्ध की झलक का आनंद लिया।

रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि लीला का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ और इसके बाद क्रमशः कुंभकरण वध, लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध, मेघनाद वध, सुलोचना द्वारा रावण से शीश मांगना और राम शिविर तक का आगमन मंचित किया गया। विशेष आकर्षण रहा कुंभकरण का जागरण, जिसे स्टीरियो डिजिटल साउंड, हाथी की चिंघाड़, शेर की दहाड़ और सैकड़ों मटकों के टूटने की आवाज़ से जीवंत किया गया। पूर्व मेयर और भाजपा नेता जत्थेदार अवतार सिंह ने कुंभकरण की दमदार भूमिका निभाई, उनका 131 किलो का विशालकाय व्यक्तित्व और बुलंद आवाज़ दर्शकों के रोमांच का केंद्र रहा।

विशाल पुतलों की तैयारी भी दशहरा पर्व का मुख्य आकर्षण बनी हुई है। कमेटी ने बताया कि इस बार रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों में विशेष तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। पुतले से नाभि से अमृत टपकेगा, आंखों से खून के आंसू बहेंगे, हाथों में तलवारें लहराएंगी और दहन के समय “हे राम, हे राम” की गूंज सुनाई देगी। रावण के गले में दस रंग-बिरंगी मालाएं और नयनाभिराम सजावट दर्शकों को एक अद्वितीय अनुभव देंगी।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी लीला स्थल पर पहुंचकर प्रभु श्रीराम की लीला का अवलोकन किया और सभी श्रद्धालुओं को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं।

अंत में समिति के महासचिव सुभाष गोयल, चेयरमैन पवन गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यभूषण जैन, कोषाध्यक्ष अंकुर गोयल सहित अन्य पदाधिकारियों ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। लीला का समापन प्रभु श्रीराम की आरती और चरण वंदना के साथ हुआ।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।