मिग-21 का आख़िरी उड़ान: चंडीगढ़ में होगी ऐतिहासिक विदाई

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (26/09/2025): भारतीय वायुसेना का सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाला सुपरसोनिक लड़ाकू विमान मिग-21 आज शुक्रवार को इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाएगा। लगभग 60 सालों तक देश की सुरक्षा का अहम हिस्सा रहा यह विमान अब रिटायर हो रहा है। चंडीगढ़ में आयोजित विदाई समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विशेष रूप से शामिल होंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसे लेकर लिखा कि मिग-21 की सेवानिवृत्ति एक भावनात्मक क्षण है और इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनने का उन्हें बेसब्री से इंतजार है।

छह दशकों की विरासत

1963 में भारतीय वायुसेना में शामिल हुआ मिग-21 देश का पहला सुपरसोनिक लड़ाकू विमान था। इसे ‘फर्स्ट सुपरसोनिक्स’ नाम दिया गया और यह वायुसेना की रीढ़ बनकर उभरा। इन छह दशकों में इसने न केवल भारत की वायु शक्ति को मजबूती दी बल्कि पायलटों की कई पीढ़ियों को प्रशिक्षण देकर तैयार भी किया।

युद्ध में निर्णायक भूमिका

मिग-21 का नाम भारत की कई ऐतिहासिक जीतों से जुड़ा है। 1971 के भारत-पाक युद्ध में इसने ढाका स्थित राज्यपाल के आवास पर हमला कर पाकिस्तान को आत्मसमर्पण करने पर मजबूर किया। यही नहीं, इसने 1971 में पाकिस्तानी F-104 स्टारफाइटर से लेकर 2019 में F-16 तक कई दुश्मन विमानों को ध्वस्त किया। कारगिल युद्ध में भी इसकी भूमिका अहम रही।

विदाई समारोह में दिखा जौहर

सेवानिवृत्ति से पहले बुधवार को चंडीगढ़ एयर बेस पर फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। इस दौरान मिग-21 विमानों ने बादल और पैंथर फॉर्मेशन में उड़ान भरकर अपनी फुर्ती और ताकत का प्रदर्शन किया। आकाश गंगा टीम ने पैरा-लैंडिंग दिखाई तो सूर्य किरण एरोबेटिक टीम ने आसमान में करतब दिखाकर सबका मन मोह लिया। समारोह के अंत में विमानों को वाटर-कैनन सलामी दी गई।

नई पीढ़ी की ओर कदम

मिग-21 के सेवानिवृत्त होने के साथ भारतीय वायुसेना अब नई तकनीकों और आधुनिक विमानों पर निर्भर होगी। लेकिन मिग-21 की भूमिका और उसकी उपलब्धियां हमेशा याद की जाएंगी। यह केवल एक विमान नहीं, बल्कि भारत की आकाशीय शक्ति का प्रतीक रहा है, जिसने देश की सुरक्षा में अमिट योगदान दिया है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।