National News (21 September 2025): प्रधानमंत्री ने रविवार को देश को संबोधित करते हुए नए GST रिफॉर्म्स की घोषणा की और इसे “बचत उत्सव” करार दिया। उन्होंने कहा कि देश की आज़ादी के बाद इतना बड़ा टैक्स रिफॉर्म केंद्र और राज्यों के सहयोग से ही संभव हो पाया है। पहले जहां देश दर्जनों टैक्सों के जाल में उलझा हुआ था, वहीं अब “वन नेशन-वन टैक्स” का सपना साकार हो चुका है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि GST के नए स्वरूप में अब सिर्फ दो प्रमुख स्लैब – 5% और 18% ही रहेंगे। इसका सीधा असर रोज़मर्रा के इस्तेमाल वाली चीज़ों पर पड़ेगा। खाने-पीने का सामान, दवाइयाँ, साबुन, टूथब्रश, स्वास्थ्य और जीवन बीमा जैसी सेवाएँ या तो टैक्स फ्री होंगी या केवल 5% टैक्स लगेगा। पहले 12% टैक्स स्लैब में आने वाले 99% सामान अब 5% दायरे में आ गए हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकलकर “नियो मिडिल क्लास” के रूप में देश की नई ताकत बने हैं। इस वर्ग को ध्यान में रखते हुए सरकार ने इस साल 12 लाख रुपए तक की आय को टैक्स-फ्री कर दिया है। GST की दरें कम होने से अब घर बनाने से लेकर टीवी, फ्रिज, स्कूटर-बाइक-कार खरीदना और यहां तक कि घूमना-फिरना भी सस्ता हो जाएगा। होटल कमरों पर टैक्स घटने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने MSMEs, लघु और कुटीर उद्योगों से खास अपील करते हुए कहा कि टैक्स दरें घटने और प्रक्रियाएँ आसान होने से इन उद्योगों को डबल फायदा होगा। बिक्री बढ़ेगी और टैक्स का बोझ कम होगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्राचीन काल में भारत की समृद्धि का आधार यही छोटे उद्योग थे, उसी गौरव को वापस लाना है। भारतीय उत्पाद न सिर्फ गुणवत्ता में सर्वोत्तम हों बल्कि दुनिया में भारत की पहचान और गौरव भी बढ़ाएँ।
उन्होंने देशवासियों से “स्वदेशी अपनाओ” का आह्वान करते हुए कहा कि रोज़मर्रा की जिंदगी में विदेशी चीज़ों को छोड़कर मेड इन इंडिया सामान का इस्तेमाल करना होगा। हर घर और हर दुकान स्वदेशी का प्रतीक बने, तभी भारत तेजी से विकसित होगा। प्रधानमंत्री ने सभी राज्य सरकारों से भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया और कहा कि केंद्र और राज्य मिलकर आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के सपने को साकार करेंगे।
अंत में प्रधानमंत्री ने नवरात्रि और GST बचत उत्सव की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इनकम टैक्स और GST में छूट से लोगों को सालाना ढाई लाख करोड़ रुपए की बचत होगी, जो वास्तव में हर भारतीय के लिए “बचत उत्सव” है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।