टेन न्यूज विशेष: दिल्ली चुनाव को लेकर क्या कहते हैं दिल्ली के जागरूक मतदाता, जानिए राय

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (01 जनवरी 2025): आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर टेन न्यूज नेटवर्क की टीम ने दिल्ली के कई जागरूक मतदाताओं से टेलीफोनिक बातचीत की। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से जागरूक मतदाताओं से बातचीत की। आईए जानते हैं कि दिल्ली के जागरूक मतदाता आगामी चुनाव को लेकर क्या सोचते हैं।

ईस्ट दिल्ली के सोशल एक्टिविस्ट बीएस वोहरा ने टेन न्यूज से खास बातचीत में कहा, “केजरीवाल ने बिजली और पानी में लोगों को राहत दी है, जिससे कुछ हद तक फायदा हुआ है। लेकिन, दिल्ली की मूलभूत समस्याएं जैसे जलभराव और प्रदूषण में कोई सुधार नहीं हुआ। आगामी चुनाव में आम आदमी पार्टी का पलड़ा भारी रहेगा क्योंकि आम लोग, विशेष रूप से मिडिल क्लास, मुफ्त सेवाओं के कारण इन्हें वोट देंगे। उन्हें इन मुद्दों जैसे प्रदूषण और जलभराव से ज्यादा फर्क नहीं पड़ता।

महिला सम्मान योजना के बारे में उन्होंने कहा: “इसे लागू करना मुश्किल है। अगर दिल्ली के विकास में यह पैसा लगाया जाए तो ज्यादा बेहतर होगा। इससे भी वोट आम आदमी पार्टी को ही मिलेगा।”

जागरूक मतदाता मंजीत सिंह पटेल ने टेन न्यूज से अपनी राय साझा करते हुए कहा कि,”केजरीवाल की मुफ्त सेवाएं जनता को भले ही संतुष्ट करती हों, लेकिन मैं इससे सहमत नहीं हूं। राज्य का विकास हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। दिल्ली की सड़कों और गलियों की हालत बहुत खराब है। पिछले 16 वर्षों में पब्लिक डेवलपमेंट में कोई खास प्रगति नहीं हुई। जो टैक्सपेयर्स हैं, उन पर ज्यादा भार पड़ रहा है।”

उन्होंने आगे कहा,”फ्री चीजें देना एक गलत चलन है, जो दो वर्गों के बीच द्वेष पैदा करता है। लेकिन फिर भी आगामी चुनाव में आम आदमी पार्टी का पलड़ा भारी रहेगा, क्योंकि उनकी मुफ्त सेवाओं की नीति जनता को आकर्षित करती है।”

बिहार समाज समिति के अध्यक्ष, जितेंद्र प्रसाद ने टेन न्यूज़ से खास बातचीत में बताया कि,”आम आदमी पार्टी का कार्यकाल कुल मिलाकर बहुत अच्छा नहीं रहा है। मैं मुफ्त सेवाओं का सख्त विरोधी हूं। हालांकि आम आदमी के लिए यह राहत देने वाला हो सकता है। महिला सम्मान योजना के तहत ₹2100 देने का वादा करना संभव नहीं है।”

उन्होंने कहा,”अब फ्री सेवाओं की नीति सभी पार्टियों ने अपनाई है, चाहे वह आम आदमी पार्टी हो या बीजेपी। यह नीति उत्तर भारत में केजरीवाल ने शुरू की, लेकिन इससे विकास की ओर ध्यान कम होता है।”

आगामी चुनाव के संदर्भ में उन्होंने कहा,”यह कांग्रेस पर निर्भर करेगा कि वह कितनी मजबूती से चुनाव लड़ती है। बीजेपी का वोट शेयर हमेशा 35-36% के बीच रहता है। अगर बीजेपी 2100 से आगे बढ़ती है, तो उसका पलड़ा भारी हो सकता है।”

दिल्ली के जागरूक मतदाता आगामी चुनाव में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं। हालांकि मुफ्त सेवाओं की नीति को लेकर मतदाताओं की राय बंटी हुई है, लेकिन यह तय है कि यह चुनाव दिल्ली के विकास और जनता की प्राथमिकताओं को दर्शाने वाला होगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।