पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए दिल्ली से राहत सामग्री रवाना, सीएम ने दिखाई हरी झंडी
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली, (08 सितंबर 2025): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने रविवार को दिल्ली भाजपा कार्यालय से पंजाब के बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत सामग्री से भरे 52 ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर प्रदेश सह प्रभारी डॉ. अलका गुर्जर, संगठन महामंत्री पवन राणा, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, दिल्ली सरकार के मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, कपिल मिश्रा, डॉ. पंकज सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग, उपाध्यक्ष योगिता सिंह, राजकुमार भाटिया सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि पंजाब में आई त्रासदी के समय पूरा देश उनके साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा लगातार आपदा की स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। सचदेवा ने कहा कि भाजपा संगठन का मूल मंत्र “सेवा ही संगठन” है और इसी भाव से दिल्ली से राहत सामग्री भेजी जा रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पहले ही पंजाब मुख्यमंत्री राहत कोष में 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान कर चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार वहां राशन तो उपलब्ध है लेकिन उसे बनाने और रखने के साधनों की कमी है। इसी कारण इस राहत सामग्री में बर्तन, मच्छरदानी, तिरपाल, कंबल, दवाइयां, जूते-चप्पल और अन्य जरूरी सामान शामिल किया गया है। यह राहत सामग्री जलंधर पहुंचेगी और वहां से जरूरतमंद इलाकों में वितरित की जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय राजनीति से ऊपर उठकर सभी को एकजुट होकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा, “अगर देश का दिल दिल्ली में धड़कता है तो दिल्ली की धड़कन पंजाब में बसती है। पंजाब हमारे देश का नवरत्न राज्य है और आज पूरी दिल्ली पंजाब के अन्नदाता किसानों के साथ खड़ी है।” मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने स्वयं पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान से बात कर हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी कहा कि पंजाब ने हमेशा देश की रक्षा और सेवा की है और अब समय है कि देशभर के लोग पंजाब की मदद करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह राहत अभियान केवल एक बार का प्रयास नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर लगातार हर प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
दिल्ली से रवाना हुए इस राहत काफिले को लेकर भाजपा नेताओं और मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह मानवता का कर्तव्य है और पंजाब के संकट की इस घड़ी में दिल्ली और पूरा देश मजबूती से उनके साथ खड़ा रहेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।