ADR रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा: देश में कितने मंत्रियों पर क्रिमिनल केस?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (05/09/2025): एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) और नेशनल इलेक्शन वॉच (NEW) की नई रिपोर्ट ने देशभर के मंत्रियों की पृष्ठभूमि पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 652 मंत्रियों में से 643 के शपथपत्रों का विश्लेषण किया गया, जिसमें सामने आया कि 302 यानी 47% मंत्रियों ने खुद के खिलाफ आपराधिक मामलों की घोषणा की है। इसमें केंद्र, राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के मंत्री शामिल हैं।

27% पर है गंभीर मामले के आरोप

इस विश्लेषण में यह भी सामने आया कि 174 मंत्री, यानी कुल 27%, गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी हैं। इन गंभीर अपराधों में हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण और महिलाओं के विरुद्ध अपराध जैसी धाराएं शामिल हैं। रिपोर्ट साफ करती है कि राजनीति में आपराधिक छवि वाले नेताओं की मौजूदगी अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।

TDP के 96% मंत्री पाए गए है दागी

पार्टीवार आंकड़े भी चौंकाने वाले हैं। भाजपा के 336 मंत्रियों में से 136 (40%) पर आपराधिक मामले हैं, जिनमें से 88 (26%) गंभीर मामलों में आरोपी हैं। कांग्रेस के 61 मंत्रियों में से 45 (74%) पर केस दर्ज हैं, और 18 (30%) गंभीर मामलों से जुड़े हैं। वहीं टीडीपी सबसे आगे है, जहां 23 मंत्रियों में से 22 (96%) दागी पाए गए। डीएमके के 31 मंत्रियों में 27 (87%) और आप के 16 मंत्रियों में 11 (69%) ने अपने खिलाफ आपराधिक मामलों का ब्योरा दिया है।

11 राज्यों के 60% मंत्री है दागी

राज्यों की स्थिति भी बेहद चिंताजनक है। 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से 11 में 60% से अधिक मंत्रियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, बिहार, ओडिशा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, पंजाब, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और पुडुचेरी शामिल हैं। इसके विपरीत हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, नागालैंड और उत्तराखंड में किसी भी मंत्री पर आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।

सबसे ज्यादा कर्नाटक के मंत्री है अरबपति

रिपोर्ट ने वित्तीय पृष्ठभूमि पर भी रोशनी डाली है। 643 मंत्रियों की औसत संपत्ति 37.21 करोड़ रुपये बताई गई है, जबकि उनकी कुल संपत्ति 23,929 करोड़ रुपये तक पहुंचती है। इनमें से 36 मंत्री अरबपति हैं, जिनका अनुपात 6% है। कर्नाटक में सबसे ज्यादा 8 अरबपति मंत्री हैं, जबकि आंध्र प्रदेश में 6 और महाराष्ट्र में 4 अरबपति मंत्रियों का नाम दर्ज है।

केंद्रीय मंत्रिपरिषद में 40% भरे है दागी

केंद्रीय मंत्रिपरिषद पर नजर डालें तो 72 मंत्रियों में से 29 (40%) पर आपराधिक मामले हैं, जबकि 6 मंत्री अरबपति हैं। वित्तीय दृष्टि से यह साफ झलकता है कि राजनीति में अमीर और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले नेताओं की उपस्थिति बेहद मजबूत है।

मंत्री के पद पर केवल 10% महिलाएं है आसीन

लिंग आधारित विश्लेषण में सामने आया कि 643 मंत्रियों में से 63 महिलाएं यानी 10% ही मंत्री पद तक पहुंची हैं। पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा 8 महिला मंत्री (20%) हैं। इसके बाद मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से 5-5 महिला मंत्री हैं। वहीं गोवा, हिमाचल प्रदेश, पुडुचेरी और सिक्किम में कोई महिला मंत्री नहीं है।

71 % मंत्री है ग्रेजुएट

शैक्षिक योग्यता के लिहाज से देखा जाए तो 164 (26%) मंत्रियों ने सिर्फ 5वीं से 12वीं पास तक की पढ़ाई की है। वहीं 454 (71%) मंत्री स्नातक या उससे ऊपर की पढ़ाई कर चुके हैं। 24 मंत्रियों ने डिप्लोमा किया है और 1 मंत्री ने खुद को निरक्षर बताया है। यह तस्वीर राजनीति में शिक्षा स्तर की विविधता को दर्शाती है।

61% मंत्री माध्यम आयु वर्ग के है मौजूद

आयु वर्ग में भी रिपोर्ट दिलचस्प आंकड़े सामने लाती है। 37 मंत्री यानी 6% की उम्र 25 से 40 साल के बीच है। 41 से 60 साल के बीच सबसे ज्यादा 393 मंत्री (61%) आते हैं। 211 मंत्री (33%) 61 से 80 साल की उम्र के हैं, जबकि 2 मंत्री 80 वर्ष से भी अधिक आयु के हैं। इससे साफ है कि राजनीति में मध्य आयु वर्ग का दबदबा सबसे ज्यादा है।

भविष्य की राजनीति पर उठे सवाल

कुल मिलाकर ADR और NEW की इस रिपोर्ट ने यह साबित किया है कि देश की राजनीति में दागी और अरबपति मंत्रियों का प्रभाव बेहद मजबूत है। गंभीर आपराधिक मामलों से लेकर अपार संपत्ति तक, यह विश्लेषण लोकतंत्र की पारदर्शिता और स्वच्छ राजनीति की दिशा में कई गंभीर प्रश्न खड़े करता है। जनता और समाज के लिए यह एक बार फिर सोचने का मौका है कि राजनीति में साफ-सुथरी छवि वाले नेताओं को कैसे आगे लाया जाए।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।