New Delhi News (04/09/2025): राजधानी दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। बुधवार की शाम तक पानी का स्तर 207.33 मीटर दर्ज किया गया, जो 2013 के रिकॉर्ड को पार कर गया। केंद्रीय जल आयोग ने नई एडवाइजरी जारी करते हुए चेतावनी दी है कि जलस्तर 207.40 मीटर तक जा सकता है। इस कारण दिल्ली के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा और गहरा हो गया है।
निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार ठप
दिल्ली का सबसे बड़ा श्मशान घाट निगमबोध भी बाढ़ की चपेट में आ गया है। यमुना का पानी घाट तक पहुंचने के कारण अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रोक दी गई है। यहां प्रतिदिन औसतन 55 से 60 अंतिम संस्कार होते थे, लेकिन जलभराव ने चिताओं की अग्नि बुझा दी है। यह स्थिति मृतकों के परिजनों के लिए भी गहरी परेशानी का कारण बन रही है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने राजधानी में अगले दो दिनों तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सफदरजंग, कश्मीरी गेट, कनॉट प्लेस और इंडिया गेट सहित कई हिस्सों में लगातार बारिश जारी है। इससे निचले इलाकों में जलभराव और बढ़ गया है, जबकि बाढ़ के हालात बिगड़ने की संभावना जताई जा रही है।
हवाई यात्रा पर असर
बारिश और खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। फ्लाइटराडार 24 के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली हवाई अड्डे पर बुधवार शाम 5 बजे तक 273 उड़ानों के प्रस्थान और 73 आगमन में देरी हुई। यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा और एयरलाइंस ने यात्रियों को अपनी उड़ानों की स्थिति चेक करने की सलाह दी है।
सड़कों पर जाम और अव्यवस्था
दिल्ली के कई हिस्सों में पानी भरने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ISBT से विधानसभा तक जाने वाली सड़क पर करीब 500 मीटर क्षेत्र में केवल एक लेन पर ही वाहनों की आवाजाही हो रही है। निगमबोध घाट की ओर जाने वाली सड़क पर भी यमुना का पानी भर गया है, जिससे आवाजाही और मुश्किल हो गई है।
ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी
यमुना के जलस्तर को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। मजनू का टीला से सलीमगढ़ बाईपास तक आउटर रिंग रोड पर यातायात प्रभावित रहेगा। वहीं वज़ीराबाद-सिग्नेचर ब्रिज और चंदगी राम अखाड़ा-आईपी कॉलेज रेड लाइट से डायवर्जन लागू किए गए हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और सुचारू आवाजाही के लिए ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।