New Delhi News (03/09/2025): राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर जाने से हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। लगातार बारिश और बैराज से छोड़े गए पानी के कारण बुराड़ी, यमुना बाजार, गढ़ी मेंडू और पुराने उस्मानपुर जैसे इलाकों में घर डूब गए हैं। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें लोगों को सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाने में जुटी हैं, लेकिन हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। कई इलाकों में लोग अपने घरों को छोड़कर ऊंचे स्थानों की ओर जा रहे हैं।
यमुना बाजार और आसपास जलभराव से हालात बिगड़े
तेज बारिश के बाद यमुना बाजार इलाके में भारी जलभराव हो गया है। यहां पर 5-6 फीट तक पानी भर गया है, जिसके चलते स्थानीय निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। NDRF की टीमें मौके पर तैनात हैं और लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। कमांडेंट ज्ञानेश्वर सिंह ने बताया कि रात से ही राहत कार्य जारी है और अभी भी कुछ लोग बचे हैं जिन्हें निकालने के प्रयास जारी हैं।
वासुदेव घाट और भाला घाट पूरी तरह जलमग्न
बढ़ते पानी का असर घाटों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। वासुदेव घाट और भाला घाट पूरी तरह से बाढ़ के पानी में डूब चुके हैं। यहां धार्मिक गतिविधियां पूरी तरह ठप हो गई हैं और आसपास की बस्तियां खाली कराई जा रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी का स्तर तेजी से ऊपर जा रहा है जिससे हालात और भी खतरनाक हो सकते हैं।
कालिंदी कुंज और यमुना बैंक में सबसे ज्यादा असर
दिल्ली का कालिंदी कुंज इलाका बुरी तरह प्रभावित है। यहां पानी 20 फीट तक ऊपर आ चुका है। यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन के आसपास झुग्गियों में रह रहे सैकड़ों परिवारों के घर जलमग्न हो गए हैं। लोग छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ सुरक्षित जगह की तलाश में भटक रहे हैं। कई परिवारों का सारा सामान पानी में बह गया है और वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
मयूर विहार में बाढ़ राहत शिविर लेकिन कमियां बरकरार
मयूर विहार फेज़-1 में बाढ़ राहत शिविर लगाया गया है, लेकिन प्रभावित लोगों ने शिकायत की है कि यहां पर्याप्त इंतज़ाम नहीं किए गए हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन ने तो झुग्गियां खाली करने का आदेश दे दिया लेकिन खाने-पीने और रहने की व्यवस्था अब तक नहीं हो सकी। न तो टेंट लगाए गए हैं और न ही बच्चों और बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री का दौरा और राहत कार्य जारी
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने बाढ़ राहत शिविरों का दौरा किया और पीड़ितों से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी तरह की कमी को तुरंत दूर किया जाए। फिलहाल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। लेकिन यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर रहने के कारण आने वाले दिनों में मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।