शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, पिता प्रणब मुखर्जी के साथ पार्टी के रवैये पर जताई नाराजगी
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (28 दिसंबर 2024): पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के लिए अलग स्मारक बनाने के प्रस्ताव की आलोचना की है। शर्मिष्ठा ने कांग्रेस के इस कदम को पाखंड करार देते हुए अपने पिता के निधन के बाद पार्टी के रवैये पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने खुलासा किया कि अगस्त 2020 में प्रणब मुखर्जी के निधन के बाद कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) ने शोक सभा तक नहीं बुलाई।
सोशल मीडिया पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शर्मिष्ठा ने बताया कि जब उन्होंने इस पर सवाल उठाया, तो कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि भारत के राष्ट्रपति के निधन पर पार्टी बैठक नहीं बुलाती। इस बयान को शर्मिष्ठा ने “बेतुका” बताते हुए अस्वीकार कर दिया। उन्होंने अपने पिता की डायरी का हवाला देते हुए खुलासा किया कि पूर्व राष्ट्रपति के.आर. नारायणन के निधन पर कांग्रेस ने न केवल शोक सभा बुलाई थी, बल्कि शोक संदेश का मसौदा उनके पिता प्रणब मुखर्जी ने ही तैयार किया था।
शर्मिष्ठा ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने गांधी परिवार से इतर नेताओं के साथ हमेशा भेदभाव किया है। उन्होंने बीजेपी नेता सी.आर. केसवण के एक पोस्ट का जिक्र करते हुए बताया कि कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को भी अनदेखा किया था। 2004 में उनके निधन के बाद पार्टी ने दिल्ली में न तो स्मारक बनवाया और न ही उनका अंतिम संस्कार राष्ट्रीय राजधानी में करने का प्रस्ताव रखा।
शर्मिष्ठा ने इन घटनाओं को लेकर कांग्रेस नेतृत्व की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी ने अपने पूर्व नेताओं और राष्ट्रपति जैसे बड़े पदों पर रहे व्यक्तियों के प्रति उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाया है। उन्होंने कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए इसे गांधी परिवार-केंद्रित राजनीति का उदाहरण बताया।
शर्मिष्ठा मुखर्जी की इस तीखी प्रतिक्रिया ने कांग्रेस पार्टी के अंदरूनी रवैये और अन्य नेताओं के योगदान की उपेक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।