सौरभ भारद्वाज पर ईडी रेड फर्जी, मोदी की डिग्री विवाद से ध्यान भटकाने की साजिश – अनिल झा
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (26 अगस्त 2025): आम आदमी पार्टी ने सौरभ भारद्वाज के घर पर हुई ईडी की छापेमारी को पूरी तरह फर्जी करार दिया है। आप विधायक अनिल झा ने कहा कि अस्पताल निर्माण परियोजनाओं में गड़बड़ी के जिस मामले में ईडी की रेड हुई है, उस समय सौरभ भारद्वाज मंत्री ही नहीं थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि 2017-18 में एचआईएमएस और अस्पताल प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई थी, जबकि भारद्वाज 2023 में स्वास्थ्य मंत्री बने। ऐसे में उन पर गड़बड़ी का आरोप लगाना न केवल झूठा है बल्कि राजनीतिक साजिश भी है।
अनिल झा ने कहा कि 2018-19 में दिल्ली में 24 अस्पताल निर्माण परियोजनाओं में अनियमितता का हवाला देकर भारद्वाज को आरोपी बनाया जा रहा है, जबकि उस वक्त वे मंत्री नहीं थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी की यह रेड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिग्री विवाद से जनता का ध्यान भटकाने का एक तरीका है। उन्होंने कहा कि सोमवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने फैसला दिया कि दिल्ली यूनिवर्सिटी प्रधानमंत्री की डिग्री दिखाने के लिए बाध्य नहीं है, लेकिन देशभर में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर डिग्री क्यों नहीं दिखाई जा रही है।
झा ने कहा कि प्रधानमंत्री का विश्व स्तर पर प्रभाव है, ऐसे में उनकी शिक्षा और डिग्री को सार्वजनिक करना लोकतांत्रिक पारदर्शिता के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वे खुद दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं और उनके विधायक बनने पर कॉलेज ने उनका सम्मान भी किया। इसी तरह मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और आतिशी को भी विश्वविद्यालय ने सम्मानित किया, लेकिन यही विश्वविद्यालय अपने ही पूर्व छात्र प्रधानमंत्री की डिग्री छुपा रहा है, जो समझ से परे है।
प्रेस वार्ता में झा ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि अगर सरकार अंत्योदय की बात करती है, तो फिर गांव के टेलर, धोबी, मोची, नाई और मछुआरों की झोपड़ियों में भी ईडी की रेड करवाए कि उनके कपड़े या झोपड़ी कैसे बने। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा दलितों, अल्पसंख्यकों, मुस्लिमों और अब ब्राह्मणों को भी टारगेट कर रही है। यह पूंजीवादी और सामंती मानसिकता वाली सरकार का पतन का संकेत है।
उन्होंने कहा कि सुबह 8 बजे से भारद्वाज के घर रेड चल रही है लेकिन कुछ भी नहीं मिला। पूरा मामला राजनीति से प्रेरित और ध्यान भटकाने की साजिश है। आप पार्टी सौरभ भारद्वाज के साथ मजबूती से खड़ी है और भाजपा की इन चालों का विरोध करती रहेगी। झा ने अंत में न्यायपालिका से अपील की कि एक सामान्य नागरिक और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष के नाते वे प्रधानमंत्री की डिग्री देखना चाहते हैं, क्योंकि यह देश की जनता का अधिकार है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।