पदभार ग्रहण करने के बाद दिल्ली पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (24/08/2025): दिल्ली पुलिस के नवनियुक्त पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा (Satish Golcha) ने पदभार संभालते ही सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने आगले ही दिन वरिष्ठ अधिकारियों के साथ 4.30 घंटे की लंबी बैठक की और साफ चेतावनी दी कि किसी भी थाने में अगर कोई पुलिसकर्मी रिश्वत लेते पकड़ा गया तो सीधे डीसीपी और एसएचओ को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। उनकी यह सख्त चेतावनी दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली में बड़े बदलाव के संकेत दे रही है।

सीपी गोलचा ने बैठक में कहा कि दिल्ली पुलिस की छवि बिगड़ती जा रही है और जनता का विश्वास कमजोर हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि अगर सुधार तुरंत नहीं किया गया तो हालात और भी खराब हो सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि भ्रष्टाचार और लापरवाही पर अब कोई ढील नहीं दी जाएगी।

बैठक में उन्होंने कहा कि जांच-पड़ताल के लंबित मामलों पर तुरंत कार्रवाई करनी होगी। कई थानों में अनट्रेस्ड केस लगातार बढ़ रहे हैं। गोलचा ने निर्देश दिया कि हर महीने लंबित मामलों की समीक्षा की जाए और जो केस पुराने हैं उन्हें जल्द से जल्द निपटाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अनावश्यक रूप से मामलों को लंबित रखना जनता के साथ अन्याय है।

पुलिस आयुक्त ने यह भी स्वीकार किया कि कई बार पीसीआर कॉल्स पर पुलिसकर्मी समय पर नहीं पहुंचते या फिर लेट पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर पीसीआर कॉल को गंभीरता से लिया जाए और तुरंत मौके पर कार्रवाई की जाए। कॉल रिस्पॉन्स में देरी करने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए।

बैठक के दौरान सतीश गोलचा ने एसएचओ के तीन साल से अधिक समय तक एक ही थाने में रहने की प्रथा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अब यह व्यवस्था खत्म की जाएगी और एसएचओ को समय पर बदलना होगा। उनका कहना था कि लंबे समय तक एक ही जगह तैनाती से स्थानीय नेटवर्क बन जाता है, जिससे निष्पक्षता प्रभावित होती है।

नए सीपी ने अधिकारियों से कहा कि जनता के साथ व्यवहार में बदलाव लाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोगों की शिकायतें सुनना और उनका समाधान करना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने डीसीपी और एसीपी को आदेश दिया कि वे समय-समय पर थानों का निरीक्षण करें और पुलिसकर्मियों से जनता के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने के निर्देश दें।

बैठक के दौरान जब उत्तर-पूर्व जिले के डीसीपी से लूट के मामलों के बारे में पूछा गया तो वे सही जवाब नहीं दे सके। इस पर सीपी गोलचा ने नाराजगी जताई और कहा कि किसी भी अधिकारी को अपने क्षेत्र की स्थिति की पूरी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने दोहराया कि जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी अपने कामकाज में पूरी पारदर्शिता लाएं और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सतीश गोलचा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता दिल्ली पुलिस की छवि सुधारना है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जनता के बीच विश्वास बहाल करना सबसे जरूरी है। इसके लिए पुलिसकर्मियों को ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता दिखानी होगी। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली पुलिस के कामकाज का पैमाना केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि जनता का भरोसा जीतना भी होगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।