संसद में गूंजा AI का मुद्दा, राघव चड्ढा ने कर दी बड़ी मांग!

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (21/08/2025): राज्यसभा में आज एक अनोखा प्रस्ताव सामने आया जब आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा (Raghav Chadha) ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि प्रत्येक भारतीय को ChatGPT, जेमिनी, क्लाउड और अन्य उन्नत AI टूल्स की निःशुल्क सब्सक्रिप्शन दी जाए। उन्होंने कहा कि आज की दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) केवल तकनीक नहीं बल्कि अवसर है, जो हर वर्ग को आगे बढ़ने और सपनों को पूरा करने का साधन बन सकता है।

राघव चड्ढा ने जोर देकर कहा कि AI किसानों के लिए स्मार्ट खेती का जरिया है, छात्रों के लिए 24/7 उपलब्ध ट्यूटर है, व्यापारियों के लिए बिजनेस प्लानर है, नौजवानों के लिए करियर गाइड है और बुजुर्गों के लिए डॉक्टर की तरह मददगार साबित हो सकता है। उन्होंने दलील दी कि हर सवाल का जवाब और हर समस्या का समाधान AI के पास है, इसलिए इसे आम जनता तक पहुंचाना बेहद जरूरी है।

उन्होंने यह भी बताया कि यूएई, सिंगापुर और चीन जैसे कई देश अपने नागरिकों को एडवांस्ड AI टूल्स का मुफ्त एक्सेस दे रहे हैं। लेकिन भारत जैसे विशाल और महत्वाकांक्षी देश में लोग अब भी इन टूल्स से वंचित हैं क्योंकि इनकी कीमत बहुत अधिक है। चड्ढा ने चेतावनी दी कि अगर भारत अभी कदम नहीं उठाता तो 2030 तक 15 ट्रिलियन डॉलर की वैल्यू क्रिएट करने वाले इस क्षेत्र की वैश्विक रेस में पिछड़ सकता है।

सांसद ने सुझाव दिया कि सरकार को हर उम्र और हर वर्ग के नागरिकों को उनकी स्थानीय भाषाओं में सुरक्षित और मुफ्त AI टूल्स उपलब्ध कराने चाहिए। उनका मानना है कि इससे देश की प्रोडक्टिविटी कई गुना बढ़ सकती है और लोगों का कीमती समय बचाया जा सकता है, चाहे कोडिंग हो, डेटा एनालिटिक्स हो या फिर सरकारी फॉर्म भरना हो।

अंत में राघव चड्ढा ने कहा कि यह केवल तकनीक का सवाल नहीं बल्कि डिजिटल डेमोक्रेसी की ओर अगला कदम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि AI की इस क्रांति में कोई भारतीय पीछे न छूटे और भारत सचमुच “डिजिटल इंडिया” बन सके। उनकी इस मांग ने संसद में तकनीकी भविष्य और डिजिटल अधिकारों पर नई बहस को जन्म दे दिया है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।