भाजपा सरकार पर ‘‘हकों की चोरी’’ का आरोप, ‘‘आप’’ का ‘चोरी की शिकायत दें’ अभियान शुरू
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (20/08/2025): भाजपा सरकार पर जनता के हकों की चोरी का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी ने बुधवार को राजधानी दिल्ली से ‘चोरी की शिकायत दें’ अभियान की शुरुआत की। प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज और ‘‘आप’’ महिला विंग की दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सारिका चौधरी ने पार्टी मुख्यालय से इस अभियान का आगाज किया। इस दौरान विभिन्न इलाकों से आईं महिलाओं ने लिखित रूप से 2500 रुपए, मुफ्त सिलेंडर, मुफ्त दवा और अन्य सुविधाओं की चोरी होने की शिकायत दर्ज कराईं।
सौरभ भारद्वाज ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने पहले चुनाव जीतने के लिए वोट की चोरी की, नकली वोट बनवाए और साड़ियां-पैसे बांटे, अब जनता के अधिकारों की चोरी हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को 2500 रुपए प्रतिमाह और सस्ते सिलेंडर देने का वादा किया था, लेकिन छह महीने बीत जाने के बाद भी किसी महिला के खाते में पैसा नहीं आया और न ही किसी को मुफ्त सिलेंडर मिला। भारद्वाज ने तंज कसते हुए कहा कि ‘‘मोदी जी झूठ नहीं बोल सकते, जरूर पैसे और सिलेंडर भेजे होंगे लेकिन रास्ते में चोरी हो गए।’’
प्रदेश संयोजक ने आगे कहा कि दिल्ली में मुफ्त दवाओं और मोहल्ला क्लीनिक की सुविधाओं की भी चोरी हो चुकी है। पहले जहां मरीजों को दवाएं मुफ्त मिलती थीं, अब वह भी बंद हो गई हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की चार इंजन सरकार धीरे-धीरे दिल्ली की सभी मुफ्त सुविधाएं छीन रही है।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम पूरे दिल्ली में होना था, लेकिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमले की खबर के चलते इसे केवल सांकेतिक रूप में आयोजित किया गया। आने वाले दिनों में ‘‘आप’’ पूरे दिल्ली में महिलाओं से चोरी की शिकायतें दर्ज कराने का अभियान चलाएगी।

इस मौके पर ‘‘आप’’ महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष सारिका चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं को 2500 रुपए प्रतिमाह देने और पहली कैबिनेट बैठक में इसकी घोषणा करने का वादा किया था, लेकिन छह महीने गुजरने के बाद भी यह वादा अधूरा है। उन्होंने कहा कि ‘‘भाजपा सरकार महिलाओं के पैसे और उनका मुफ्त गैस सिलेंडर तक हजम कर गई।’’
सारिका चौधरी ने आगे कहा कि भाजपा ने वोट चोरी भी की है। कई इलाकों में हजारों वोट काटे गए, फर्जी वोट जोड़े गए और कई जिंदा महिलाओं को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि ‘‘भाजपा सरकार ने महिलाओं को ठगा है, इसलिए अब महिलाएं अपने हकों की लड़ाई सड़क पर उतरकर लड़ेंगी।’’
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।