हुमायूं मकबरे में बड़ा हादसा, फतेह शाह दरगाह का हिस्सा गिरने से 6 लोगों की मौत
टेनन्यूज नेटवर्क
New Delhi News (16/08/2025): दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में स्थित ऐतिहासिक हुमायूं मकबरे में शुक्रवार (15 अगस्त) को बड़ा हादसा हो गया। मकबरे के परिसर में मौजूद फतेह शाह दरगाह का एक हिस्सा गिरने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के वक्त बारिश हो रही थी और लोग दरगाह में रुके हुए थे। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट डॉ. श्रवण बागरिया ने छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। घायलों को तुरंत एम्स और एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक हादसे की सूचना शाम करीब चार बजे मिली थी। राहत और बचाव कार्य के लिए फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फायर ऑफिसर मुकेश वर्मा ने बताया कि दरगाह का कमजोर और पुराना ढांचा गिरने से दो कमरे ढह गए। अब तक 10-12 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है। पांच लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है।
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों में शामिल मोईन नामक शख्स के ससुर ने कहा, “मोईन कपड़े की दुकान पर काम करता था और नमाज पढ़ने दरगाह गया था। उसके दो छोटे बच्चे हैं। मेरी बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है, अब उसका क्या होगा?” परिवार वालों का कहना है कि उन्हें इस तरह की अनहोनी की कल्पना तक नहीं थी।
हुमायूं का मकबरा दिल्ली का मशहूर ऐतिहासिक स्थल है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। इसकी देखरेख भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि मकबरे और आसपास के ढांचों की समय-समय पर जांच जरूरी है ताकि ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
मुगल सम्राट हुमायूं की याद में 1569-70 में उनकी पहली पत्नी बेगा बेगम ने इस मकबरे का निर्माण करवाया था। इसे फारसी वास्तुकार मिर्क मिर्ज़ा गियास और उनके बेटे सय्यद मुहम्मद ने डिजाइन किया था। यह भारतीय उपमहाद्वीप का पहला बगीचा-मकबरा माना जाता है और 1993 में यूनेस्को ने इसे विश्व धरोहर स्थल का दर्जा दिया था।
मकबरे के परिसर में कई छोटे-छोटे स्मारक भी मौजूद हैं, जिनमें ईसा खान नियाज़ी का मकबरा परिसर प्रमुख है। लाल बलुआ पत्थर से बनी यह इमारत मुगल वास्तुकला का बेहतरीन उदाहरण है। लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा और संरक्षा को लेकर पर्याप्त कदम उठाए जा रहे हैं या नहीं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।