New Delhi News (15 August 2025): भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अध्यक्ष केशव चंद्रा ने आज एनडीएमसी मुख्यालय – पालिका केंद्र में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर उन्होंने राष्ट्र की स्वतंत्रता और सीमाओं की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों, सशस्त्र बलों और अर्धसैनिक बलों के जवानों को नमन करते हुए उनके बलिदान की सराहना की।
अपने संबोधन की शुरुआत में चंद्रा ने असम की वीरांगना कनकलता बरुआ की कहानी सुनाई, जिन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ तिरंगा फहराने के प्रयास में अपने प्राणों की आहुति दे दी थी। उन्होंने कहा कि कनकलता का बलिदान यह सिखाता है कि देशभक्ति का साहस उम्र से नहीं, बल्कि संकल्प से मापा जाता है और हर नागरिक को देश सेवा के लिए सदैव तैयार रहना चाहिए।

उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता और तकनीकी क्षमता का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि इस अभियान में हमारी सेनाओं ने न केवल देश की सुरक्षा की, बल्कि दुश्मन को परास्त करने में सफलता पाई। इस उपलब्धि के लिए वैज्ञानिकों और इंजीनियरों के अथक प्रयासों को भी उन्होंने नमन किया।
चंद्रा ने कहा कि आज़ादी हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाती है। स्वतंत्रता सेनानियों ने एक ऐसे भारत का सपना देखा था जो शिक्षित, आत्मनिर्भर, स्वच्छ, न्यायप्रिय और समृद्ध हो, और उस सपने को साकार करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि राजधानी के ऐतिहासिक और अंतरराष्ट्रीय महत्व के क्षेत्रों की देखरेख करने वाली संस्था के रूप में एनडीएमसी का लक्ष्य केवल बुनियादी सुविधाएँ प्रदान करना नहीं, बल्कि इस क्षेत्र को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करना है।
अध्यक्ष ने परिषद के सभी सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और नागरिकों से इन लक्ष्यों की प्राप्ति में सहयोग करने का आह्वान किया और विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से एनडीएमसी देश की सर्वश्रेष्ठ नगर परिषद बनेगी और विश्व की सर्वश्रेष्ठ राजधानियों में शुमार होगी। उन्होंने सभी से यह संकल्प लेने का आह्वान किया कि हम अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करेंगे, देश की एकता-अखंडता की रक्षा करेंगे और 21वीं सदी में भारत को विश्व का अग्रणी राष्ट्र बनाएंगे।

इस अवसर पर ध्वजारोहण से पहले एनडीएमसी के सुरक्षा और अग्निशमन कर्मियों ने अध्यक्ष को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में एनडीएमसी मुख्यालय, कन्वेंशन सेंटर, एनडीसीसी भवन, कनॉट प्लेस, चंद्रलोक भवन, लोक नायक भवन और अन्य प्रमुख भवनों को लगभग 37,500 तिरंगे बल्बों से सजाया गया। पूरे एनडीएमसी क्षेत्र में बिजली के खंभों पर 2,600 राष्ट्रीय ध्वज लगाए गए, वहीं 36 फ्लॉवर बोर्ड और फ्लावर फव्वारे से नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, परिषद सदस्य अनिल वाल्मीकि, एनडीएमसी सचिव तारिक थॉमस, वरिष्ठ अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और शिक्षक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।